- दो शिक्षकों ने एनसीसी ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी कामठी नागपुर से 45 दिनों का प्रशिक्षण लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के दो शिक्षकों ने एनसीसी ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी कामठी नागपुर से 45 दिनों का गहन प्रशिक्षण पूरा किया। ये 46 बटालियन एनसीसी गोरखपुर से जुड़े हैं। 22 मई को कामठी में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद वे एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर बन गए हैं।
स्कूलों और कॉलेजों में एनसीसी गतिविधियों को संचालित करने में एनसीसी ऑफिसर की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में एनसीसी गतिविधियों को संचालित करने वाले विभिन्न मानकों पर खरे उतरने वाले शिक्षकों को एनसीसी ऑफिसर बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाता है। एनसीसी ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी कामठी नागपुर में आठ अप्रैल से 22 मई तक आयोजित प्रशिक्षण में देशभर से 517 प्रशिक्षु शामिल हुए थे।
46 बटालियन एनसीसी गोरखपुर के कर्नल वीके शर्मा व लेफ्टिनेंट कर्नल वीपी पटियाल के नेतृत्व में कार्यरत शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विज्ञान विषय के शिक्षक धनंजय पाठक व श्रीलाल बहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रमवापुर चेतराम के सामाजिक विज्ञान के शिक्षक अंबिकेश शुक्ल भी इसमें शामिल थे।
प्रशिक्षण के बाद दोनों शिक्षक शिक्षक एनसीसी के एसोसिएट अधिकारी बन गए हैं।