चोरी की चार बाइक और तमंचा बरामद, दो गिरफ्तार
स्थान बदलकर बाइक चोरी करने वाले गिरोह का एसओजी ने किया पर्दाफाश
देर रात क्षेत्र के जिगनिहवा कस्बे से टीम ने पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। एसओजी और गोल्हौरा पुलिस की संयुक्त टीम के हाथ शुक्रवार को बड़ी सफलता लगी। टीम ने क्षेत्र के जिगनिहवा कस्बे से दो अंतर्जनपदीय बाइक चोरों को पकड़ने में सफलता हासिल की। उनकीनिशानदेही पर चोरी की चार बाइक और एक तमंचा बरामद किया। पूछताछ करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया।
सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कि अभियान ऑपरेशन तमंचा के तहत पुलिस टीम बदमाशों की धरपकड़ लिए अभियान चला रही है। शुक्रवार रात एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी और गोल्हौरा प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर क्षेत्र के जिगनिहवा कस्बे के पास मौजूद हैं और किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए टीम बताए हुए स्थान पर पहुंच गई। घेरेबंदी करके दो वाहनों चोरों को पकड़ा। उसके कब्जे से एक तमंचा बरामद हुआ। साथ ही उनकी निशानदेही पर चोरी की चार बाइक बरामद की गई। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान क्षेत्र के ही बरांव नानकार निवासी मोहसिन रजा व गुलाब मोहम्मद बताया। केस दर्ज करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य लोगों की धरपकड़ के लिए टीम लगी है।