कलेक्ट्रेट के सेमिनार हाॅल में बैठक करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु महोत्सव में प्रतिभाग करने वाले स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ हुई बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। इसकी सफलता के लिए हर स्तर पर प्रयास करने की अपेक्षा की गई।
कलेक्ट्रेट के सेमिनार हाल में मंगलवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी कुणाल सिल्कू ने कपिलवस्तु महोत्सव में फोटोग्राफी की भी प्रतियोगिता कराने के निर्देश संबधित अधिकारी को दिए। बताया कि इस वर्ष ‘फेट गेम’ का भी आयोजन किया जाएगा। इस गेम के आयोजन का दायित्व प्रत्येक दिन अलग-अलग विद्यालयों द्वारा किया जाएगा। फेटगेम से अर्जित धनराशि का एक निश्चित हिस्सा प्रायोजक स्कूल के पास जाएगा। गेम के पुरस्कार का खर्च आयोजक स्कूल द्वारा ही वहन किया जाएगा। प्रभारी जिला सूचना अधिकारी आशुतोष पांडेय ने बताया कि जिन स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रतिभाग किया जाना है, वह अपना रजिस्ट्रेशन श्री सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज तेतरी बाजार में 15 से 25 नवंबर तक करा लें। जबकि 29 व 30 नवंबर को लोहिया कला भवन में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को रिहर्सल कराया जाएगा।
प्रधानाचार्य जीजीआईसी बांसी जया मिश्रा ने बताया कि 5 दिसंबर को कपिलवस्तु महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर सरस्वती वंदना, कपिलवस्तु गीत की प्रस्तुति स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। 5 व 6 दिसंबर को स्कूली बच्चों की नृत्य/संगीत प्रतियोगिता होगी। 7 दिंसबर को कस्तूरबा गाधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। 8 दिसंबर को रंगोली, मेंहदी व पेटिंग प्रतियोगिता होगी। 9 दिसंबर को हेल्दी बेबी शो व सेंट जेवियर्स के बच्चों का कार्यक्रम आयोजित होगा। 11 दिसंबर को फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। इस मौके पर आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. अंकिता सहाय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौम्या पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राज बहादुर मौर्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी राम सिंह के अलावा प्रधानाचार्यों की उपस्थिति रही।