सिद्धार्थनगर। सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर राधेश्याम मिश्र ने जीत दर्ज की है। निकटतम प्रतिद्वंद्वी पूर्व अध्यक्ष अखंड प्रताप को 11 मतों के अंतर से शिकस्त दी। वहीं महामंत्री पद पर अजय कुमार यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर हरिहर प्रसाद पाठक और कोषाध्यक्ष प्रमोद दुबे निर्वाचित हुए। देर शाम चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद समर्थक खुशी से झूम उठे। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए जीत की खुशियां मनाते हुए मिठाइयां बांटी गईं। सिविल बार सभागार में सुबह नौ बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में कुल 581 मतदाताओं में से 512 ने हिस्सा लिया। अध्यक्ष पद और महामंत्री पद के लिए छह-छह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व संयुक्त मंत्री (प्रशासनिक) पद के लिए तीन और कोषाध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार मैदान में थे। कड़ी सुरक्षा के बीच अपराह्न तीन बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद वोटों की गिनती शुरू हुई। रात करीब 8 बजे चुनाव अधिकारी रामशंकर उर्फ शेखर सिंह, रमेश पांडेय व नागेंद्रनाथ त्रिपाठी ने परिणामों की घोषणा की। विजेता प्रत्याशी व उनके समर्थक खुशी से झूम उठे। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सीओ शिव सिंह, सदर एसओ डीके श्रीवास्तव फोर्स के साथ डटे रहे। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने भी सुरक्षा का जायजा लिया।
ये चुने गए निर्विरोध
उपाध्यक्ष पद पर मनीष मणि त्रिपाठी, अनिल कुमार विश्वकर्मा, वीरेंद्र कुमार गुप्ता, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के छह पद पर राजेश कुमार श्रीवास्तव, वशिष्ठधर द्विवेदी, जयशंकर मिश्र, अशोक त्रिपाठी, भूपेश चंद्र दुबे, विनोद कुमार गुप्ता, कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के पद पर हजारी प्रसाद मिश्र, रामसूरत यादव, देवेंद्र मणि त्रिपाठी, सचिन श्रीवास्तव निर्विरोध चुने गए। कनिष्ठ कार्यकारिणी के दो पदों पर कोई नामांकन नहीं हुआ था।