खुनुवां। एसएसबी 43वीं वाहिनी सीमा चौकी व खुनुवां कस्टम की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को दो ई-रिक्शा पर लदा 19 बोरी प्याज पकड़ा। बरामद प्याज सहित गाड़ी को कस्टम को सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसबी 43वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट राजपाल ने बताया कि सूचना मिली कि रमवापुर तिवारी चौराहे से बगहवा गांव से नहर के रास्ते गुजरौलिया गांव से होकर अवैध तरीके से प्याज की तस्करी होने वाली है। सूचना को संज्ञान में लेते हुए सीमा चौकी खुनुवां से एसआई ओम प्रकाश के नेतृत्व में एएसआई प्रसन्नजीत वर्मन, सीमा शुल्क कार्यालय खुनुवां से निरीक्षक अक्षय यादव के नेतृत्व में संयुक्त गस्ती दल पिलर संख्या 556 से लगभग ढाई किलोमीटर दूर रमवापुर तिवारी चौराहे पर पहुंच गई। चिन्हित स्थान पर पहुंचने के बाद देखा गया कि दो ई-रिक्शा पर लदा प्याज शोहरतगढ़ से रमवापुर तिवारी पेट्रोल पंप के आगे खुनुवां की तरफ जा रही है। गस्ती दल को देखते ही दो ई-रिक्शा चालक में से एक ई-रिक्शा चालक रिक्शा छोड़कर नजदीकी गांव में भाग गया। जिसे संयुक्त टीम ने तत्परता से पकड़ लिया। दोनों ई-रिक्शा की तलाशी ली गई, जिसमें से 19 बोरी कुल 855 किलो प्याज बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ में ई-रिक्शा चालक टिंकू निवासी नगर पंचायत शोहरतगढ़ वार्ड नंबर 10 मुहल्ला गांधी नगर, घिसियावन खुनुवां थाना शोहरतगढ़ ने बताया कि ई-रिक्शा पर लदी प्याज नो मेंस लैंड के नजदीक स्थित करहिया निवासी एक व्यक्ति का है। जिसका नाम नहीं मालूम है। यहीं से एक-एक बाइक पर तीन-तीन बोरी तस्करी के जरिए नेपाल भेजी जाती है। हम लोगों को बीस रुपये प्रति बोरी भाड़ा मिल जाता है। बरामद ई-रिक्शा सहित प्याज व दोनों चालकों के विरुद्ध 11 कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई कर खुनुवां कस्टम विभाग को सुपुर्द कर दिया गया।