सेमिनार हाल में बैठक करते पीडब्ल्यूडी के सचिव समीर वर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। जिले के नोडल अफसर व सचिव लोक निर्माण विभाग समीर वर्मा ने रिपोर्ट बेहतर न होने पर अधिशासी अभियंता विद्युत को कड़ी फटकार लगाई। भविष्य में सुधार लाने की हिदायत दी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पौधरोपण कराने के साथ ही संभावित बाढ़ से निपटने को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट के सेमिनार हाल में रविवार को प्रदेश के सचिव लोक निर्माण विभाग व नोडल अफसर समीर वर्मा ने सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों से संबंधित जनपद की गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान अधिशासी अभियंता विद्युत द्वारा तैयार प्रगति पुस्तिका में खामी मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। भविष्य में कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को पौधरोपण के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने की हिदायत दी। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए तैयार कार्ययोजना के मुताबिक विशेष सतर्कता के निर्देश दिए। सभी उपजिलाधिकारियों को गत वर्ष बाढ़ के दौरान पीड़ितों को मिलने वाली धनराशि का वितरण शत-प्रतिशत कराने के लिए भी निर्देशित किया। इससे पूर्व पुलिस विभाग अंतर्गत क्राइम ब्रांच के नए भवन निर्माण की गुणवत्ता को देखा। इस दौरान डीएम कुणाल सिल्कू, एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह, सीडीओ हर्षिता माथुर, एडीएम प्रमोद शंकर शुक्ला समेत डीएफओ वीके मिश्रा, सीएमओ डॉ. आरके मिश्रा, डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह, जिविनि डॉ. राज बहादुर मौर्य, समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, डीईएसटीओ राजेश कुमार सिंह, सीवीओ डॉ. फणीश सिंह व अन्य मौजूद रहे।