सिद्धार्थनगर। महिला थाने की पुलिस की ओर से बुधवार को जयकिसान सकतपुर सनई इंटर कॉलेज में ऑपरेशन सेल्फ डिफेंस की कार्यशाला आयोजित हुई। वहीं, छात्राओं को प्रशिक्षण के दौरान आत्मरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। बताया गया कि छेड़खानी हो तो डरें नहीं, पुलिस को तत्कालू सूचित करें। ऐसे में नाम आदि गोपनीय रखा जाता है।
महिला थानाध्यक्ष संध्यारानी तिवारी की टीम ने ऑपरेशन सेल्फ डिफेंस की कार्यशाला का आयोजन कर छात्राओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी गई। जिससे आपत स्थिति में छात्राएं अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें। इस कार्यशाला में यह प्रशिक्षण महिला थाना में नियुक्त महिला आरक्षियों द्वारा शोहदों के हमले से बचने के आवश्यक गुर छात्राओं को सिखाए गए। इसमें महिला हेल्प लाइन 1090, एंटी रोमियो स्क्वाड तथा डायल 100 के बारे में बताया गया। टीम ने बताया कि स्कूलों, कॉलेज तथा कोचिंग सेंटर जाते समय यदि किसी शोहदे द्वारा कटाक्ष छेड़छाड़ आदि किया जाता है तो बिना डरे तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा आपकी पहचान को गोपनीय रख कर अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। कार्यशाला में महिला एसआई पूनम मौर्या, महिला आरक्षी संगीता सिंह, प्रीति गुप्ता आदि मौजूद रहे।