इटवा (सिद्धार्थनगर)। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव में स्थित नहर के किनारे खेत में एक व्यक्ति की लाश मिली। मृतक सेना का रिटायर्ड कर्मचारी बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गोल्हौरा थाना क्षेत्र के कोठवा गांव निवासी अर्जुन तिवारी (51) सेना से रिटायर्ड हैं। उन्होंने अपनी बहन व दो बेटियों की शादी त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव में की थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह अपने घर से रमवापुर के लिए निकले थे। सोमवार की देर शाम रमवापुर गांव के पास नहर के किनारे हरिबंधनपुर गांव निवासी लड्डू चौधरी के खेत में उनकी लाश मिली। खेत देखने गए गांव निवासी सुभाष पांडेय ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।