शोहरतगढ़ में अपराजिता में विद्यार्थियों को शतप्रतिशत मतदान कराने का शपथ दिलाते मुख्य अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़। अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता अभियान के तहत सोमवार को शिवपति इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता संगोष्ठी आयोजित हुई। मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य डॉ. नलिनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता भाग्य विधाता होता है। शत-प्रतिशत मतदान से लोकतंत्र और मजबूत होता है। ऐसे में हर मतदाता को वोट अवश्य करना चाहिए। कार्यक्रम में शिक्षक और विद्यार्थियों ने नारी सम्मान की रक्षा का संकल्प भी लिया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि अपराजिता अभियान से मतदाताओं में जागरूकता आएगी। कहा कि छात्र-छात्राएं अपने परिजनों के साथ ही पड़ोसियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। विशिष्ट अतिथि उप प्रधानाचार्य विक्रम यादव ने कहा कि समाज की सोच बदलने पर ही महिला शक्ति को सही सम्मान मिलेगा। विशिष्ट अतिथि एनसीसी कैप्टन कमांडर डॉ. हेमंतराज उपाध्याय ने कहा कि 18 साल की उम्र पूरी कर चुके हर नागरिक को मतदान करना चाहिए। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रामविलास यादव ने कहा कि देश व समाज के विकास के लिए मतदान जरूरी है। इस दौरान शिक्षक राजेश सिंह, मकबूल खां आदि मौजूद रहे।
पहले करें मतदान फिर दूजा काम
छात्रा निशा ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में 18 साल की उम्र पूरी कर चुके हर नागरिक को मतदान अवश्य करना चाहिए। शत-प्रतिशत मतदान से लोकतंत्र और मजबूत होगा।
मतदान के लिए जागरूक करना सराहनीय
छात्रा आशा कुमारी ने कहा कि आज के समय में भी कुछ लोग मतदान का महत्व नहीं समझ रहे। अपराजिता अभियान के तहत उन्हें जागरूक किया जा रहा है। यह सराहनीय कार्य है।
दूसरों को भी करें प्रेरित
छात्रा मीरा कुमारी ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में हर किसी को अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। खुद मतदान करने के साथ ही दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए।
जागरूक होकर मतदान करना होगा
छात्रा नेहा मद्धेशिया ने कहा कि इस सोच को बदलने की जरूरत है कि एक वोट से क्या होगा। लोकतंत्र में हर एक वोट का महत्व है। मतदान प्रतिशत में वृद्धि जरूरी।