बिजली का पोल लगाने को लेकर तनाव
फोटो-66,67
एसडीएम, सीओ व तीन थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुलझाया विवाद
समझाने-बुझाने के बाद सुलझा मामला, 24 घंटे की मिली मोहलत
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। सदर क्षेत्र के रमजानगर वार्ड के महुवरिया गांव में चार माह से बिजली व्यवस्था ठप है। मंगलवार को बिजली का पोल लगाने गए कर्मियों को देखकर ग्रामीण व किसान भड़क उठे। मामला तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीण व एक किसान के बीच विवाद की स्थिति को देखते हुए एसडीएम, सीओ व तीन थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद ग्रामीणों को शांत करवाया गया और 24 घंटे में सोच विचार बताने के लिए कहा गया।
बता दें कि सदर तहसील क्षेत्र के ही रमजानगर वार्ड के महुवरिया में बिजली का पोल नहीं लगने से चार माह से बिजली व्यवस्था ठप थी। पोल लगाने को लेकर ग्रामीण व एक किसान के बीच विवाद चल रहा था। ग्रामीण गांव के बीच से ले जाने के लिए पोल नहीं लगाने दे रहे थे। जबकि एक किसान अपने खेत से तार नहीं जाने दे रहा था। इस बीच मामला चार माह से अधर में था। मंगलवार को बिजली निगम के कर्मी पुलिस की मौजूदगी में पोल लगाने के लिए गए थे। यह देख ग्रामीण व किसान अपनी-अपनी बात को लेकर भड़क उठे। दबाव बनाकर पोल लगाने की कोशिश की तो तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर उमेश चंद निगम, सीओ सदर सुनील कुमार सिंह, एसओ दिनेश चंद्र चौधरी, चौकी प्रभारी पुरानी नौगढ़ राजेश शुक्ल फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। किसी तरह से मामले को शांत करवाया। ग्रामीणों ने 24 घंटे में सोचकर बताने का समय मांगा। इसके बाद मामले को शांत कराते हुए लोग हटे। इस संबंध में एसओ सदर डीसी चौधरी ने बताया कि किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ है। मामले को शांत करा दिया गया है। अगर कोई गड़बड़ी करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।