आग से जली झोपड़ी, खुले आसमान में रह रहा परिवार
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के तालकुंड गांव के टोला केवटिलिया की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
परसा। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के तालकुंडा गांव के केवटलिया टोले में सोमवार की रात एक व्यक्ति के झोपड़ी में आग लग गई। आग से घर में रखा सामान जल गया। घर में बंधी बकरी भी जलकर मौत हो गई। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राजस्व निरीक्षक व हलका लेखपाल ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया।
तालकुंडा गांव के टोला केवटलिया में निवासी मुनीर गांव में फूस की झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रहता है। उसकी पास छह बेटियां है। किसी तरह से मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता है। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात अज्ञात कारणों से झोपड़ी में आग लग गई। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सबकुछ जलकर नष्ट हो चुका। घर में रखा हजारों की लागत के अनाज, कपड़े, जेवर व नगदी भी जल गए। सुबह ग्रामीणों ने राजस्व निरीक्षक को सूचना दिया। राजस्व निरीक्षक अशर्फीलाल व हलका लेखपाल मौके पर गए और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। मुनीर की पत्नी जैफुल्ला ने बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है।