सिद्धार्थनगर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत शौचालय निर्माण में लापरवाही बरतने के मामले में डीपीआरओ ने चार ग्राम पंचायत अधिकारियों को निलंबित कर दिया है और छह पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का निर्देश दिया है।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत बेसलाइन सर्वे 2012 के आंकड़ों के तहत ग्राम पंचायतों में शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके तहत अपने अधीन ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण कराने के मामले में लापरवाही बरतते हुए लक्ष्य के सापेक्ष कम शौचालयों का निर्माण कराने, निर्धारित अवधि में जिओ टैगिंग न कराना, ग्राम पंचायतों को मिली धनराशि का निर्धारित सॉफ्टवेयर प्लान प्लस, एक्शन सॉफ्ट एवं प्रिया सॉफ्ट पर शत प्रतिशत इंट्री सुनिश्चित न करने के मामले में खेसरहा ब्लॉक के ग्राम पंचायत अधिकारी महमूद अली, भनवापुर के रामविलास, डुमरियागंज के कौशलेंद्र पांडेय, जोगिया ब्लॉक के संजय कुमार वरूण को डीपीआरओ एके सिंह ने निलंबित कर दिया है। इन सभी को संबंधित ब्लॉक मुख्यालय पर संबद्ध किया गया है। शौचालय निर्माण में ही लापरवाही करने के मामले में डीपीआरओ ने खेसरहा ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी चंद्रभाल सिंह, शोहरतगढ़ के शकील अहमद व राधेश्याम चौधरी, खेसरहा के रमेश यादव, भनवापुर के राकेश पाठक और डुमरियागंज में तैनात बृजेश कुमार गुप्ता पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।