पुलिस ने व्यापारी को जेवरात सौंपे
रास्ते में गिरा मिला था स्वर्ण विक्रेता का आभूषण
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। खेसरहा पुलिस ने शुक्रवार को स्वर्ण व्यापारी का गिरा हुए जेवरात मिलने के बाद उसे थाने पर बुलाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया है। इस कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
एसओ विजय कुमार दुबे ने बताया कि क्षेत्र के बनकटा- बेलौहा रोड पर एक झोले में सोना-चांदी के जेवरात रोड के किनारे गिरा पड़ा था जिस पर ट्रैक्टर चालक रामदीन निवासी खुटहनी की नजर पड़ी। उसी समय चरथरी गांव निवासी पेशे से वकील सचिन त्रिपाठी और थाने के होमगार्ड राम अचल उपाध्याय पहुंचे तीनों ने ईमानदारी का परिचय देते हुए पूरा सामान थाने पर लाकर सुरक्षित रख दिया। जेवरात के बारे में तस्दीक की गई तो बेलौहा निवासी दिलीप कुमार ज्वेलर्स जो सामान लेकर घर से अपनी दुकान जा रहे थे, बाइक से गिर गया था। सूचना पर पहुंचकर उन्होंने जेवरात की पहचान की। इसके बाद पुलिस द्वारा स्वर्ण विक्रेता को उनके जेवरात सौंप दिए।