एमडीएम न बनाने वाले 24 परिषदीय स्कूलों की होगी जांच
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना के अनुश्रवण में मई में जनपद के 21 स्कूल ऐसे पाए गए, जिन्होंने लगातार तीन तक भोजन नहीं बनाया गया। जबकि तीन विद्यालय एक से 20 मई के बीच एक भी दिन भोजन नहीं बनवा सके। सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक शिक्षा ने गंभीरता से लेते हुए बीएसए को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक सत्य प्रकाश त्रिपाठी की ओर से बेसिक शिक्षा अधिकारी को आए पत्र में अवगत कराया गया है कि एक मई से 20 मई तक लगातार तीन दिन अथवा पूरे माह भोजन न बनाए जाने के मामले को शासन ने गंभीरता से लिया है। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल एमडीएम का दैनिक अनुश्रवण प्रणाली के माध्यम से मॉनिटरिंग की जा रही है। जिले में 21 विद्यालय ऐसे पाए गए, जहां लगातार तीन दिन तक भोजन बनना नहीं पाया गया। जबकि तीन स्कूलों में एक से 20 मई तक एक भी दिन भोजन नहीं बना मिला। सहायक शिक्षा निदेशक ने यह भी लिखा है कि अधिकांश विद्यालय में राशन, परिवर्तन लागत, प्रधान विवाद, रसोइयां विवाद के कारण योजना प्रभावित हो रही है। मोबाइल नंबर संशोधन न होने से गलत सूचनाओं का प्रेषण हो रहा है जिसका संज्ञान प्रत्येक विद्यालय आईवीआरएस प्रणाली को उपलब्ध कराया जाता है। बीएसए को लगातार तीन दिनों तक मध्याह्न भोजन वितरण न करने वाले विद्यालयों की जांच करते हुए सच्चाई से रूबरू हो और रिपोर्ट सौंपे। बीएसए राम सिंह ने बताया कि पत्र मिला है। जांच कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी।