- जनपद में 9 जून तक चलेगा सघन डायरिया नियंत्रण पखवारा
- घर-घर बंटेगा ओआरएस, चिकित्सालयों में बना जिंक कार्नर
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। गर्मी में डायरिया के प्रकोप से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ओआरएस व जिंक कार्नर बनाकर पहरेदारी शुरू कर दिया है। लोगों को राहत देने के लिए घर- घर ओआरएस का पैकेट बांटने की तैयारी है, तो वहीं अस्पतालों जिंक कार्नर तैयार किया गया है। जनपद में 9 जून तक सघन डायरिया नियंत्रण पखवारा चलेगा। इसमें 5 वर्ष तक के बच्चों को फोकस कर रहेगा।ै
उपरोक्त बातें मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके मिश्र ने कही। वह मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पर सघन डायरिया नियंत्रण पखवारा के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित समुदाय को संबोधित कर रहे थे। कहा कि दूषित पेयजल, स्वच्छता और शौचालय का अभाव होने ्े कारण पांच साल तक के बच्चे कुपोषित हो जाते हैं। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के मध्य दस्त के प्रबंधन व उपचार के लिए गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। इसके साथ ही उच्च प्राथमिकता व अतिसंवेदनशील समुदायों में जागरूकता प्रदान करना है। नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान में ओआरएस पैकेट प्रति बच्चों के हिसाब से बांटा जाएगा। अति संवेदनशील क्षेत्र, मजदूरों के परिवार और ईट भट्टे, अरबन, हार्ड टू रीच एरिया आदि रहने वाले परिवार पर निगाह रहेगी। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.प्रशांत मौर्या ने कहा कि सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़े को शुरू किया जा रहा है। जिसमें ओआरएस व जिंक टेबलेट के माध्यम से डायरिया से ग्रसित बच्चों का इलाज किया जाएगा। इस मौके पर योगेन्द्र यादव, मनीष रंजन, आरके मिश्र, शैलेष द्विवेदी, रवि चौधरी, रवि पाठक, अनामिका राज, गीता यादव, चन्द्र प्रकाश, अजहर आदि की उपस्थिति रही।