सिद्धार्थनगर। बिजली निगम के कर्मियों की लापरवाही से सोमवार सुबह संविदा लाइनमैन की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह नगरा फीडर के एसएसओ प्रियवर्त मिश्रा व पेट्रोलमैन ओम प्रकाश पांडेय को जेल भेज दिया गया। दोनों को सोमवार देर शाम हिरासत में लिया गया था। नाराज जोगिया, शोहरतगढ़ और नौगढ़ फीडर से जुड़े निगम के कर्मियों ने सोमवार रात नौ बजे से ही बिजली आपूर्ति ठप कर दी। वहीं, दूसरी ओर गिरफ्तारी के विरोध में निगम के कर्मचारियों ने कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मी गिरफ्तार एसएसओ व पेट्रोलमैन को रिहा करने की मांग पर अड़े हैं। व्यापारी संजय जायसवाल, डॉक्टर बीडी वरुण, सेवानिवृत्त कर्मी दीपनारायण श्रीवास्तव और छात्र आकाश वरुण ने कहा कि सोमवार रात बिजली निगम के कर्मियों को हिरासत में लिए जाने के बाद से ही आपूर्ति ठप कर दी गई। ऐसे में लोगों को गर्मी से परेशान होना पड़ रहा है।
डीएम कुणाल सिल्कू ने बताया कि निगम कर्मियों से वार्ता के बाद बिजली आपूर्ति शाम साढ़े छह बजे बहाल करा दी गई। संविदा कर्मी की मौत के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अधीक्षण अभियंता एके श्रीवास्तव ने बताया कि ब्रेक डाउन की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित है। इसे जल्द सही कराकर आपूर्ति बहाल की जाएगी। इसका कर्मियों पर कार्रवाई से कोई लेना देना नहीं है।
लाइनमैन के घरवालों की तहरीर पर दर्ज हुआ है केस
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के नगरा गांव के पास सोमवार सुबह फ्यूज जोड़ते समय आपूर्ति बहाल हो जाने से संविदा पर तैनात कटया दुबे गांव निवासी लाइनमैन कमलेश यादव (45) की मौत हो गई थी। इस दौरान ग्रामीणों व पुलिसकर्मियों की नोकझोंक भी हुई थी। सांसद जगदंबिका पाल की पहल पर घटना के लगभग चार घंटे बाद पुलिस ने पोल से शव को उतरवाया था। परिजनों की तहरीर पर एक्सईएन, एसडीओ, एसएसओ, जेई और पेट्रोलमैन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज है। एसओ संजय कुमार दुबे ने बताया नगरा फीडर के एसएसओ व पेट्रोलमैन को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
21.5 घंटे परेशान रही डेढ़ लाख से अधिक की आबादी
निगम कर्मियों को सोमवार शाम हिरासत में लिए जाने के बाद गुस्साए कर्मियों ने रात नौ बजे जोगिया, शोहरतगढ़ और नौगढ़ फीडर से जुड़े कर्मियों ने आपूर्ति ठप कर दी। इससे 500 से अधिक गांवों के डेढ़ लाख से अधिक उपभोक्ता प्रभावित हैं। लोगों के अनुरोध पर मंगलवार भोर में तीन बजे एक घंटे के लिए नौगढ़ क्षेत्र में बिजली बहाल की गई थी। इसके बाद फिर आपूर्ति ठप कर दी गई, जो पूरे दिन जारी रही। भीषण गर्मी में करीब 21.5 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप होने से हाहाकार मचा रहा।
एक्सईएन को घेरा
गिरफ्तारी से गुस्साए कर्मी बिजली निगम कार्यालय पर धरने पर बैठ गए। ये कर्मी जेल भेजे गए कर्मियों को छोड़ने की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर कर्मियों ने एक्सईएन का घेराव भी किया। लेकिन बात नहीं बन सकी थी। इस दौरान कर्मचारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान जेई विनय, यदुर्वेग सहित लोटन, बर्डपुर, जोगिया व अन्य फीडर के कर्मचारी धरने में मौजूद रहे।