मतगणना हाल के लिए मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात हुए अफसर
- समस्या निस्तारण के लिए एडीएम को सौंपा जिम्मा
- डीडीओ बनाए गए समस्त कार्यक्रमों के प्रभारी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन की मतगणना 23 मई को होगी। इस दौरान सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला स्तरीय अफसरों को मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया है। सभी को मतगणना प्रारंभ से समाप्ति तक अपने-अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए पैनी नजर रखने के लिए निर्देशित किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल सिल्कू की ओर से जारी आदेश में 23 को जिला मुख्यालय स्थित नवीन मंडी समिति पर सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली मतगणना कार्य के दौरान जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उनमें मंडी समिति के मुख्य द्वार पर सहायक आयुक्त वाणिज्य बृजेश मिश्र को, मंडी समिति के मतगणना हाल इटवा विधानसभा क्षेत्र के लिए खंड विकास अधिकारी नौगढ़ संजय कुमार श्रीवास्तव को, मतगणना हाल बांसी विधानसभा क्षेत्र के लिए अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत हरिश्चन्द्र ओम को, मतगणना हाल कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक अवधेश नारायण मौर्य को, मतगणना हाल शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी राम सिंह को, मतगणना हाल डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश को, मंडी समिति परिसर, बाउंड्री के बाएं उत्तरी छोर पर सहायक आयुक्त महानिरीक्षक निबंधक ओम प्रकाश सिंह को, मंडी समिति परिसर, बाउंड्री के दाएं दक्षिणी छोर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बांसी राजेश कुमार को, मंडी समिति परिसर, बाउंड्री के सामने पूर्वी छोर पर अधिशासी अभियंता इंडो-नेपाल बॉर्डर देशराज गौतम को लगाया गया है। किसी भी समस्या से निजात दिलाने के लिए अपर जिलाधिकारी से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है। जिला विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद को समस्त कार्यक्रम का प्रभारी बनाया गया है।