बोरा न कांटा, कैसे हो गेहूं की तौल
फोटो-
लोटन क्षेत्र में नहीं हो पा रही गेहूं की खरीद, किसान परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
लोटन। ब्लॉक क्षेत्र में गेहूं खरीद व्यवस्था का बुरा हाल है, जबकि विभाग की ओर सहकारी समितियों पर गेहूं क्रय केंद्र बनाया गया है। मगर यहां सिर्फ बैनर लगाकर काम चलाया जा रहा है। बोरा व कांटा उपल्बध न होने के कारण तौल नहीं हो पा रहा है। ऐसे में किसान परेशान हो रहे हैं। गेहूं क्रय केंद्रों पर न तो कर्मचारी हैं और न ही किसी तरह के संसाधन। ऐसे में शासन के निर्देशों का खुला मखौल उड़ाया जा रहा है।
क्षेत्र की साधन सहकारी समिति खखरा खुर्द, हरिवंशपुर, गढ़मौर, सिकरी बाजार में गेहूं क्रय केंद्र कागजों में चल रहा है। लेकिन यहां किसानों का गेहूं नहीं खरीदा जा रहा है। किसान कई दिनों से गेहूं बेचने को लेकर चिंतित दिखाई पड़ रहे हैं। समिति के कर्मचारियों द्वारा कांटा व बोरा न होने का कारण बताते हुए किसानों को वापस करने के साथ केंद्र का ताला तक नहीं खोला गया है। किसानों की गेहूं लदी ट्रॉलियां तौल न होने से वापस की जा रही हैं। कुछ किसान समिति पर रोज चक्कर इस उम्मीद के साथ लगा रहे हैं कि बोरे आएं तो कर्मचारी उनका गेहूं तौलें। मगर खरीद शुरू नहीं हो पा रही है। मजबूर किसान अनाज खुले बाजार में सस्ते रेट पर बेच रहे हैं। क्षेत्र के महबूब, अमित सिंह, मुनीराज यादव, उदयराज चौरसिया, दुर्विजय सिंह, बहादुर, बैजनाथ जायसवाल और जितेंद्र सिंह का कहना है कि किसानों के लिए कभी बोरा ही नहीं मिलता तो कभी कांटा नहीं रहता। इसी बीच जरूरत पड़ने पर किसान सस्ते रेट मे गेहूं बाजार में बेंचकर काम चलाता है। जिससे किसानों का बड़े पैमाने पर घाटा हो जाता है। जिला प्रबंधक पीसीएफ प्रभारी ने कहा कि गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद सुनिश्चित की जाएगी। बोरों व कांटों की कमी है तो जल्द ही व्यवस्था करा दी जाएगी। खरीद में कहीं लापरवाही मिली या फिर बिचौलियों की संलिप्तता मिली तो कठोर कार्रवाई होगी।