शार्ट-सर्किट से लगी आग, गुमटी व झोपड़ी जली
फोटो-
त्रिलोकपुर क्षेत्र के बुड्ढी खास गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बुढ्ढी खास गांव के रोड पर रविवार दोपहर बाद अचानक हाइटेंशन का तार टूटकर चाय की दुकान पर गिर गया। इससे आग लग गई और गुमटी व झोपड़ी जल गई। लगभग एक घंटे बाद जब आपूर्ति बंद हुई तब जाकर आग पर काबू पाया गया। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल रहा।
क्षेत्र के बुढ्ढी खास गांव निवासी राम सूरत कश्यप एवं माखन कश्यप गांव के पास रोड पर अलग-अलग झोपड़ी के नीचे गुमटी रख कर परिवार की आजीविका चलाते हैं। रविवार दोपहर बाद उनकी दुकान के ऊपर सेे गुजर रहा हाईटेंशन तार अचानक गिरा गया। तार गिरता देख दुकान मालिक सहित अन्य लोग बाहर निकल आए। करंट प्रवाहित होने से झोपड़ी के साथ गुमटी धू-धू कर जलने लगी। दुकान जलता देख उसने क्षेत्र के लाइनमैन को फोन कर विद्युत आपूर्ति बंद कराने को कहा, उसके बावजूद एक घंटे बाद विद्युत आपूर्ति बंद हुई। तब तक दुकान में रखा सारा समान जल चुका था। दुकान मालिक ने बताया कि दुकान में आग लगने के बाद पता चला कि मड़ई में गैस सिलेंडर भी रखा था। तुरंत मेरे बेटे प्रकाश ने उसे बाहर निकाला सिलेंडर निकालते वक्त वह मामूली रूप से झुलस भी गया है। बाकी दुकान के अंदर रखा फेरी का समान भी जल गया है। करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दूसरे दुकान मालिक माखन के अनुसार उनका करीब दस हजार रुपये का सामान जल गया है।