- बेटियों ने लिया संकल्प, मतदान के लिए करेंगी जागरूक
फोटो-
- अमर उजाला अपराजिता के तहत शहर, शोहरतगढ़ और डुमरियागंज में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई
- अपराजिता कार्यक्रम को लोगों ने सराहा
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर/शोहरतगढ़/डुमरियागंज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता अभियान के बैनर तले विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जागरूकता रैली निकलने के साथ ही विचार गोष्ठी भी आयोजित हुई। इन अवसरों पर महिला सशक्तीकरण को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
मुख्यालय स्थित रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बालिका वर्ग की बच्चियों ने जागरूकता रैली निकाली। अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता अभियान के तहत निकली रैली शहर के विभिन्न वार्डों में होते हुए पुन: विद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई। रैली को हरी झंडी दिखाने से पूर्व विद्यालय की प्रधानाचार्य अंजू चौहान ने अमर उजाला के प्रयासों की सराहना की और नारी सम्मान की दिशा में समय-समय पर आयोजित हो रहे विविध कार्यक्रमों की प्रशंसा की। इससे पूर्व अधिवक्ता जयशंकर मिश्रा व शुभांगी द्विवेदी ने भी विचार व्यक्त किए। शोहरतगढ़ में आयोजित मतदाता जागरूकता रैली में आयडियल पब्लिक स्कूल, पीपीएस पब्लिक स्कूल एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय शोहरतगढ़ के तीन सौ छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि तहसीलदार अरविंद कुमार, विशिष्ट अतिथि डॉ. नलिनिकांतमणि त्रिपाठी, बीडीओ तारा देवी, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राम विलास यादव, एसआई जीवन त्रिपाठी, मनोज गुप्ता, रवि सिंह की मौजूदगी में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली तहसील परिसर से निकल कर पुलिस पिकेट, अतिप्राचीन श्रीरामजानकी मंदिर के सामने से होते हुए सरकारी अस्पताल, गड़ाकुल छात्रसंघ तिराहा से शिवपति इंटर कॉलेज गेट के सामने पहुंचा, जहां हियुवा देवी पाटन मंडल प्रभारी सुभाष गुप्ता ने रैली का समापन करते हुए बच्चों को जलपान कराया। संचालन संदीप कुमार गौतम ने किया। शिक्षक एजाज अहमद, परवीन यादव, शिवमंगल विश्वकर्मा, अंकित गुप्ता और सोनू निगम आदि मौजूद रहे। डुमरियागंज तहसील मुख्यालय पर श्री गुरुनानक एकेडमी के छात्रों व अध्यापकों ने जागरूकता रैली निकाली। जिसके तहत लोगों को शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के प्रति प्रेरित किया गया। रैली स्कूल से निकलकर तेलियाना मुहल्ला और खीरामंडी से वापस स्कूल परिसर में आकर संगोष्ठी में तब्दील हो गई। एकेडमी के प्रबंधक मस्तान सिंह भाटिया समेत प्रिसिंपल परमजीत सिंह भाटिया, आरएन पांडेय, दीपा गुप्ता, श्रद्धा मिश्रा, पूजा पाठक, अंकिता, आरुषि, वंदना, सीमा और संगीता आदि मौजूद थीं।
मददगार साबित हो रहा अपराजिता अभियान
छात्रा अर्चिता सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा अहम मुद्दा है। कई स्थानों पर जानकारी न होने के कारण महिलाएं अपराध का षिकार हो रही हैं। अमर उजाला के अपराजिता कार्यक्रम महिलाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण व मददगार साबित हो रही है।
हर मंजिल हासिल कर सकती हैं बेटियां
छात्रा अनुष्का वर्मा ने कहा कि आधी आबादी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रह गई है। लड़कियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा हर क्षेत्र में मनवाया है। अब महिलाएं हर मंजिल को अपने दम पर हासिल कर सकती हैं। उन्हें शिक्षित बनाने के लिए अभिभावकों को ध्यान देने की जरूरत है।
बेमिसाल व सराहनीय है कार्यक्रम
छात्रा प्रिया कसौधन ने कहा कि नारी समाज को सशक्त बनाने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का काम अमर उजाला की इस मुहिम अपराजिता के जरिए किया जा रहा है, जो बेमिसाल व सराहनीय है।
स्वास्थ्य, शिक्षा व सेना में बढ़चढ़ हिस्सेदारी
छात्रा प्राची उपाध्याय ने कहा कि आधी आबादी अब हर क्षेत्र चाहें वह शिक्षा, स्वास्थ्य या फिर देश की सुरक्षा के मामले में सेना में जाने को लेकर ही क्यों न हो, हर क्षेत्र में महिलाओं की बढ़चढ़ कर हिस्सेदारी है। अभियान अपराजिता अनूठी पहल है।