फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘अब कर ही दो नौगढ़ स्टेशन का नाम सिद्धार्थनगर’

Mon, 29 Oct 2018 10:37 PM IST
siddharthnagar
विज्ञापन
नौगढ़ रेलवे स्टेशन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय व इलाहाबाद का नाम प्रयागराज किए जाने के बाद अब नौगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम सिद्धार्थनगर किए जाने की मांग तेज हो गई है। लोगों का मानना है कि जिले की पहचान सिद्धार्थनगर से है, ऐसे में स्टेशन का नाम नौगढ़ से बदलकर सिद्धार्थनगर किया जाना चाहिए। इस बाबत सांसद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद दो बार सीएम को पत्र लिख चुके हैं। जल्द ही वे इस संबंध में उनसे मुलाकात करने वाले हैं। 
विज्ञापन

 सोशल मीडिया के जरिए भी नौगढ़ के  नाम परिवर्तन की मांग की जा रही है। इसके पीछे लोगों का तर्क है कि तथागत की धरती पर आने से पूर्व सैलानियाें या अन्य लोगों  को नाम के कारण भ्रमित नहीं  होना पड़ेगा। हाल यह है कि मुख्यालय के पीएचसी और रेलवे स्टेशन    को नौगढ़ के नाम से जाना जाता  है, जबकि नगर पालिका परिषद, थाना व जिला मुख्यालय सिद्धार्थनगर के नाम से जाना जाता है। डाकघर तेतरी बाजार के नाम से संचालित है। लोगों का कहना है कि इतनी विषमताएं शायद ही किसी जिले में हों। यदि ये सभी नाम सिद्धार्थनगर हो जाएं तो जिले को जिला मुख्यालय को समग्र पहचान मिल जाए।  बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग, कारोबारी और राजनीतिज्ञ भी  नौगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम सिद्धार्थनगर किए जाने के पक्ष में हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से इसकी मांग की जा रही है और अब सरकार को इसे स्वीकार कर लेना चाहिए। जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन का नाम नौगढ़ होने से बाहर से आने लोगों के मन में गलतफहमियां पैदा होती हैं।  
सोशल मीडिया में भी उठ रहा मुद्दा ः नौगढ़ रेलवे का नाम बदलने को लेकर एक दशक से सोशल मीडिया पर भी मुद्दा छाया हुआ है। तेजेश्वर प्रताप सिंह गहरवार, राणा प्रताप सिंह, कैलाश त्रिपाठी आदि ने समय-समय पर इस प्रकरण से संबंधित पोस्ट करके जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा चुके हैं। पीएमओ को ट्वीट किया गया। पर, अब तक कोई जवाब तक नहीं मिला। 
विज्ञापन


टिकट के लिए हो गई बहस
शिक्षक भर्ती के दौरान फिरोजाबाद का एक अभ्यर्थी सिद्धार्थनगर में काउंसलिंग के लिए आ रहा था। जब अभ्यर्थी ने सिद्धार्थनगर के नाम से टिकट मांगा तो काउंटर पर मना कर दिया गया है। इसे लेकर उसकी बहस भी हुई। बाद में पता चला स्टेशन का नाम नौगढ़ है। लखनऊ से आने वाले शिक्षक राजकिशोर के साथ ही लखनऊ जंक्शन पर कुछ ऐसा ही हुआ। बाद में उन्होंने किसी से पूछकर नौगढ़ का टिकट लिया।

माननीय भी हैं प्रयासरत
दो दशक पूर्व सदर क्षेत्र से विधायक रहे स्व. धनराज यादव ने मंत्री रहते हुए नौगढ़ रेलवे स्टेशन को सिद्धार्थनगर के नाम से करने के लिए पत्राचार किया था, पर सफल नहीं हुए। अब सांसद जगदंबिका पाल इसके लिए प्रयासरत हैं। वे दो बार सीएम को पत्र भेज चुके हैं। वहीं सदर विधायक श्याम धनी राही ने कहा कि वे आगामी विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को उठाकर सीएम का ध्यान इस ओर आकृष्ट करेंगे।


डीएम भी भेज चुके हैं रिपोर्ट
शहर निवासी रवि शर्मा की ओर से जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी में वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक ने अवगत कराया कि राज्य सरकार की सिफारिश पर रेल मंत्रालय पहल करता है। डीएम कुणाल सिल्कू ने बताया कि लोगों की मांग के बाद स्टेशन का नाम बदले जाने को लेकर राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। राज्य सरकार केंद्र सरकार को रिपोर्ट भेजेगी, तब जाकर नाम बदलने पर निर्णय हो सकेगा।


सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री को दो बार पत्र लिखकर जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन का नाम नौगढ़ की बजाए सिद्धार्थनगर करने के लिए अनुरोध कर चुका हूं। जल्द ही सीएम से मिलकर प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजवाने का अनुरोध किया जाएगा।
- जगदंबिका पाल, सांसद


राजनीतिक दल और व्यापारी भी चाहते हैं बदले नाम
सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में सरकार होने के बाद भी नाम न बदला जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। नाम के कारण बाहर से आने वालों लोगों व पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व विधायक व कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष ईश्वर चन्द्र शुक्ला ने कहा कि नाम काफी पहले बदल दिया जाना चाहिए था। केंद्र व प्रदेश दोनों स्थानों पर कांग्रेस की सरकार होती तो नाम बदल जाता। इसके लिए सीएम को पत्र लिखेंगे। नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के पूर्व अध्यक्ष मो. जमील सिद्दीकी ने बताया कि नाम बदलने के लिए एक सप्ताह पूर्व मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। बसपा के जिलाध्यक्ष दिनेश चन्द्र गौतम ने कहा कि नौगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम बदलना समय की आवश्यकता है। इसके लिए सीएम को पत्र लिखेंगे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सिद्धार्थनगर जिला होने के बाद भी रेलवे स्टेशन का नाम नौगढ़ यह बेहद ही कष्टदायी है। इसे लेकर व्यापार मंडल की ओर से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र भेजा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें