शोहरतगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ में बृहस्पतिवार देर रात नगर पंचायत वार्ड नंबर 7 शास्त्री नगर निवासी कैंसर पीड़ित सुनील अग्रहरि (30) पुत्र रामचंद्र अग्रहरि की तबीयत बिगड़ने पर परिजन इलाज के लिए पहुंचे। अस्पताल पर मरीज को अचानक ऑक्सीजन गैस की जरूरत पड़ गई। ऑक्सीजन गैस मुहैया न होने पर लोगों ने हंमागा भी किया। इसके बाद किसी तरह लोग जिला अस्पताल लेकर आए, जहां इलाज के दौरान सुनील की मौत हो गई। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसके पटेल ने ऑक्सीजन न होने की बात को बेबुनियाद बताया है। बताया कि ऑक्सीजन के आठ सिलेंडर हैं। इनमें चार सिलेंडरों में ऑक्सीजन था। माउथ कैंसर की वजह से मरीज की हालत ज्यादा खराब थी।
सूचना पर हियुवा देवी पाटन मंडल प्रभारी सुभाष गुप्ता ने इस संबंध में सीएमओ से वार्ता भी की। इस दौरान अस्पताल पर गुस्साए लोगों ने चिकित्सकों को खरीखोटी भी सुनाई। सूचना पर एसओ अवधेशराज सिंह हमराही के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराकर एंबुलेंस से कैंसर पीड़ित मरीज को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। \
इलाज के दौरान जिला अस्पताल में सुनील की मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसके पटेल ने कहा कि मरीज को आवश्यक सुविधा और दवाएं दी जा रही थीं, लेकिन मरीज के साथ अस्पताल में मौजूद कुछ लोग अनावश्यक रूप से दबाव बनाने और अव्यवस्था की बात कह कर हंगामा करने लगे। जबकि कैंसर पीड़ित परिवार के लोगों का आरोप है कि समय से ऑक्सीजन नहीं मिला। पीड़ित मरीज की मौत से पुत्री माही (5)और अनन्या (2) के अनाथ होने और पत्नी अन्नू अग्रहरि समेत माता व पिता बेटे की मौत से दुखी है। सीएमओ डॉ. आरके मिश्र ने बताया कि मामले की जानकारी है। मृतक अंतिम स्टेज पर था। इसकी वजह से जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। बताया जाता है कि उसका इलाज मुंबई के टॉटा कैंसर अस्पताल में चल रहा था, जहां से डॉक्टरों ने अंतिम स्टेज की बात कहकर घर भेज दिया था।