हिंदी साहित्य सम्मेलन व अंतरराष्ट्रीय तथागत सृजन सम्मान कार्यक्रम का आयोजन
- फोटो : कार्यक्रम
इटवा (सिद्धार्थनगर)। बीआरसी परिसर में रविवार देर शाम हिंदी साहित्य सम्मेलन व अंतरराष्ट्रीय तथागत सृजन सम्मान कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। किंगडम ऑफ टोंगा के डीन मुख्य अतिथि वेगराज सिंह ने मां सरस्वती की तस्वीर के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बुद्ध की धरती ऐसे आयोजनों से गौरवान्वित होती है। आज हिंदी का सम्मान देश ही नहीं, विदेश में भी बढ़ा है।
सिंह ने डॉ. भास्कर शर्मा की पुस्तक कैंसर और होम्योपैथ तथा होम्योपैथी वर्सेज डॉ. हैनीमैन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि होम्योपैथी के साथ हिंदी के प्रति डॉ. शर्मा का जो लगाव है, उसे शब्दों में नहीं बांधा जा सकता। डॉ. राजेंद्र परदेशी ने कहा कि इटवा का नाम आज देश के पटल पर अंकित हो गया है, क्योंकि देश-विदेश के लोग इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचे हैं। नोएडा से आए अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने कहा कि आज देश में 65 प्रतिशत लोगों को हिंदी आती है। वह हिंदी बोल व समझ सकते हैं। इस अवसर पर डॉ. योगेन्द्र नाथ शर्मा, डॉ. मंजू, डॉ. केसी प्रधान रानू, डॉ. डीडी त्रिपाठी, डॉ. गोपाल नारसन, सुश्री कमला तामण, डॉ. रवि कुमार गौड़, डॉ. रघुवीर शर्मा, डॉ. अष्टभुजा पांडेय, मोहम्मद अयूब, डॉ. कन्हैया लाल भट्ट, डॉ. अमरजीत कौके, यशपाल निर्मल, मुरलीधर पांडेय आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रघुवीर शर्मा ने किया जबकि राजेंद्र परदेशी ने अध्यक्षता की।