फोटो- 53
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-233 गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इससे आवागमन में खासी दिक्कत हो रही है। शुक्रवार को पूर्व विधायक विजय पासवान की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को मार्ग की मरम्मत कराने के लिए ज्ञापन सौंपा। समस्या का हल न होने पर 15 सितंबर को रास्ता जाम व धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र से सपा के पूर्व विधायक विजय पासवान व बर्डपुर क्षेत्र निवासी फिरोज आलम के संयुक्त अगुवाई में जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि बर्डपुर नंबर 11, 12, 13 टोला भदवल, कल्यानपुर, महदेइया, सुल्तानपुर के सामने प्रमुख एनएच मार्ग 233 पूर्ण रूप से गड्ढे में तब्दील हो गया है। आवागमन दुर्गम व दुष्कर हो गया है। आए दिन गड्ढे के कारण दुर्घटना होती रहती है। जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनहित में उक्त मार्ग का निर्माण कराया जाना आवश्यक है। समय रहते निर्माण कार्य यथाशीघ्र न होने पर 15 सितंबर को रास्ता जाम व धरना-प्रदर्शन करने को विवश होना पड़ेगा। जिलाधिकारी कुणाल सिल्कू ने जल्द ही आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इस दोरान एजाज अहमद, अबरेज अहमद, विनोद, जलील, गुलाब चन्द्र, मुश्ताक अहमद, मो. सफी, नईम, इश्तियाक अहमद, मो. इबरार, नियाज आदि मौजूद थे।