बर्डपुर (सिद्धार्थनगर)। मोहाना थाना क्षेत्र के कूड़ा नदी स्थित दलदलहा घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने गए मामा-भांजे की नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि भांजे को बचाने के प्रयास में मामा भी डूब गए और मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के दुल्हा खुर्द गांव के टोला कठौतिया निवासी धमेंद्र (22) पुत्र सुकई के दादी की शनिवार को निधन हो गया था। दाह संस्कार के लिए रविवार को क्षेत्र के कूड़ा नदी के दलदलहा घाट पर लोग गए थे। दाह संस्कार में शामिल होने के लिए धमेंद्र का भांजा विशाल (10) पुत्र मंगरू प्रसाद निवासी मोहल्ला विजय नगर थाना सदर भी गया था। लाश का अंतिम संस्कार होने बाद सभी लोग नदी में स्नान कर रहे थे। उन्हीं लोगों के साथ विशाल भी नदी में नहा रहा था और नहाते-नहाते गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। उसे डूबता देख धर्मेंद्र बचाने पहुंचा। इस दौरान वह भी डूबने लगा। जब तक गांव के अन्य लोग कुछ समझ पाते दोनों की डूबकर मौत हो चुकी थी। आसपास लोगों ने नदी से लाश को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मोहाना सौदागर राय ने बताया कि शव का पंचनामा करवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एक साथ सूनी हो गई दो मां-बेटी की गोद
घरवालों को क्या पता था कि दादी के साथ नाती-पोता दोनों की मौत हो जाएगी। घाट से मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार दोबारा गम में डूब गया। एक गम की काली छाया छंटी नहीं थी कि दोबारा गम का पहाड़ा टूट पड़ा। मां-बेटी दोनों की गोद एक साथ सूनी हो जाएगी। एक साथ मामा-भांजे की मौत से दोनों परिवार के लोगों का रोरोकर बुरा हाल है। वहां, कठौतिया तो यहां विजय नगर मोहल्ले में रोने से सभी की आंखें नम हो जा रही थीं।
तालाब में डूबने से युवक की मौत
इटवा। थाना क्षेत्र के दुफेड़िया गांव में रविवार दोपहर 12 बजे तालाब मेें डूबकर एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालक शौच के लिए गया था। तभी उसका पैर फिसल गया और डूबकर मौत हो गई। क्षेत्र के दुफेड़िया गांव निवासी सूरज (22) पुत्र जगदीश रविवार दोपहर गांव के उत्तर दिशा में स्थित पोखरे के पास शौच करने गया था। तालाब के किनारे बैठा था, तभी उसका पैर फिसल गया और तालाब में गिरकर डूबने लगा। उसे डूबता देख आस-पास के लोगों ने तालाब में कूदकर उसे निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा ले गए, जहां देखते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूरज की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है। परिवार के सभी लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थानाध्यक्ष इटवा जयदीप दुबे का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।