इटवा (सिद्धार्थनगर)। ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पकड़ी में तैनात शिक्षक धर्मपाल सिंह की शनिवार को नई दिल्ली में एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह स्वाइन फ्लू से पीड़ित थे। अमरोहा निवासी शिक्षक दो दिन पूर्व वह अपने गांव गए थे।
अमरोहा जिला निवासी धर्मपाल सिंह (34) पुत्र सांवनिया सिंह क्षेत्र के जिले के इटवा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पकड़ी में सहायक शिक्षक पद पर कार्यरत थे। साथी शिक्षक जयकिशोर के मुताबिक धर्मपाल सिंह 12 अगस्त को अमरोहा में अपने घर से लौटकर से इटवा आए थे। वह डुमरियागंज मार्ग पर स्थित एक किराए के कमरे में रहे थे। दो दिन पहले सांस में परेशानी व बुखार होने पर वह कस्बे के एक प्राइवेट चिकित्सक की सलाह पर दवा ले रहे थे। 17 अगस्त को तबीयत अधिक बिगड़ गई तो घर चले गए। घर जाते समय रास्ते में लखनऊ स्थित रेलवे स्टेशन पर तबीयत कुछ अधिक खराब होने पर रेलवे पुलिस ने उनके परिजनों को सूचित किया और लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया। सुधार न होते देख परिजन मुरादाबाद के एक अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की पुष्टि करते हुए एम्स में रेफर कर दिया। एम्स में इलाज के दौरान शनिवार की भोर में शिक्षक की मौत हो गई।
निधन की खबर के बाद बीआरसी पर शिक्षकों ने शनिवार को शोकसभा का आयोजन किया। दो मिनट का मौन रख गतात्मा के शांति की प्रार्थना की। इस दौरान बीईओ ज्ञानचंद मिश्र ,अध्यापक करुणेश मौर्य, हरिश्चंद्र, ओमप्रकाश, इन्द्रमणि त्रिपाठी, जयकिशोर, पंकज त्रिपाठी, विश्वनाथ सिंह, शैलेंद्र प्रकाश, ताराचंद, आंनद राय, अजय कुमार सिंह, दिनेश कुमार, राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।