सिद्धार्थनगर। सदर ब्लॉक में तख्तापलट के लिए शक्ति परीक्षण आज होगा। इसके लिए शुक्रवार को दोनों खेमों के लोग जोर-आजमाइश में जुटे रहे। एक पक्ष रुठे सदस्यों को मनाने में जुटा रहा तो दूसरा खेमा अपने किले की सेंध को भरने का हरसंभव जतन करता रहा। मतदान के लिए सदस्यों के प्रमाण पत्र बनाने का काम जोरों पर रहा।
83 क्षेत्र पंचायत सदस्यों वाले सदर ब्लाक में शफीक अहमद ब्लाक प्रमुख हैं। उनके काम-काज से क्षुब्ध होकर 70 से अधिक सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाने की मंशा जताई थी। दूसरे खेमे की अगुवाई कर रहीं संजू सिंह के नेतृत्व में 25 मई को डीएम को शपथ पत्र देकर आरोप लगाया था कि ब्लाक प्रमुख की रुचि विकास कार्यों में नहीं है। वह अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे। सदस्यों के मान-सम्मान व हितों की अनदेखी की जा रही है। जनहित के कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। सदस्यों के शपथ पत्र के अवलोकन के बाद डीएम कुणाल सिल्कू ने 17 जून को शक्ति परीक्षण की तिथि तय की है। तख्तापलट के लिए प्रमुख विरोधी खेमा शुक्रवार को पूरी तरह सक्रिय रहा। सदर ब्लाक परिसर में शक्ति परीक्षण के लिए प्रमाण पत्र बनवाने से लेकर उन्हें गोलबंद करने की हरसंभव कोशिश होती रही। उधर, प्रमुख खेमा भी रुठे सदस्यों को मनाने में जुटा रहा। हालांकि दिन भर चली कोशिशों के बावजूद कुर्सी पर मंडराता संकट छंटता नहीं दिख रहा। सदस्य अपने रुख पर अडिग हैं, इसी का असर था कि एक दिन पहले ही विपक्षी खेमे में विजई मुस्कान छाई रही। प्रमाण पत्र बनाने के दौरान विनोद कुमार, राजमंगल पांडेय, संजू सिंह, विजय प्रकाश, फजलू रहमान, अकरम, अखलाक, शिवानाथ मिश्र, राजेश पाठक, श्यामनारायण मौर्य आदि मौजूद रहे।
इस्तीफे की उड़ती रही अफवाहें
सदर ब्लाक में अविश्वास प्रस्ताव का नतीजा चाहे जो हो, उससे पहले ही ब्लाक प्रमुख के इस्तीफे की अफवाहों ने एक दिन पहले माहौल को गर्म कर दिया। शुक्रवार की सुबह से शुरू हुई चर्चाएं शाम होते-होते जोर पकडने लगी। हालांकि देर शाम ब्लाक प्रमुख शफीक अहमद से संपर्क किया गया तो उन्होंने अटकलों को पूरी तरह खारिज किया। कहा कि वह ब्लाक में अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे। नतीजों की परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि बीडीसी के मान-सम्मान में हमने कभी कमी नहीं रखी है, आगे भी नहीं रखेंगे।