शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। बाढ़ के बाद अब लोगों को रसोई गैस की किल्लत सताने लगी है। सभी मार्ग बंद होने से आपूर्ति नहीं पहुंच रही है। गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लाइनें लग रही हैं। दो सप्ताह से गैस एजेंसियों पर जरूरत के मुताबिक लोडिंग नहीं हो सका है।
तहसील क्षेत्र के चिल्हिया स्थित श्रीनेत इंडेन गैस एजेंसी पर रविवार को उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी रही। लोगों ने बताया कि बाढ़ के कारण एजेंसी पर गैस की आपूर्ति कम आ रही है। एक सप्ताह से गैस की किल्लत होने लगी है। गृहिणी रेखा ने कहा कि घर का कामकाज छोड़कर सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर सुबह ही आना पड़ रहा है। लेकिन गैस नहीं मिल पा रही है। गृहिणी अतीकुन्निशा ने कहा कि एजेंसी के कर्मी से पूछने पर मालूम चला कि बाढ़ के कारण गैस का लोड जरूरत के मुताबिक नहीं हो रहा है इसलिए गैस वितरण में परेशानी आ रही है। नीता व आरती ने कहा कि सिलेंडर न मिलने से खाना बनाने में भी दिक्कत हो रही है। बाढ़ व बारिश के कारण लकड़ी व कोयला भी नहीं मिल रहा है। गैस सिलेंडर न मिल पाने से भोजन की परेशानी सामने आ गई है। राममअवतार, सलीम, शिवराज, हरिराम कहते है कि कि आनलाइन बुकिंग व खाते में सब्सिडी की व्यवस्था होने के बाद गैस किल्लत की समस्या बाढ़ के कारण आई है। लोगों को कामकाज छोड़ एजेंसी का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस संबंध में श्रीनेत गैस एजेंसी के मालिक शैलू सिंह ने बताया कि बाढ़ के कारण बस्ती मार्ग बंद है। गोंडा के रास्ते गैस की गाड़ी आ रही है। एजेंसी पर दस हजार उपभोक्ता के सापेक्ष एक लोडिंग में 503 सिलेंडर ही आ रहा है। इससे एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी हुई है।