सिद्धार्थनगर। बाढ़ से ठप पड़ी रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो गया है। मगर बांसी और गोरखपुर रूट पर अभी भी पानी भरा होने के कारण बंद है। उसका, पेड़ारी के रास्ते बांसी से बस सेवा का संचालन हो गया है। जोगिया से बांसी जाने के लिए एनएच पर पानी भरा होने के कारण वहां तक बस सेवा ठप है।
नौगढ़ रोडवेज से कुल 47 बसें संचालित होती हैं। भीषण बारिश और बाढ़ के कारण कई मार्गों पर पानी चढ़ जाने के कारण बसों का संचालन ठप हो गया था। सबसे अधिक दुश्वारी बांसी और गोरखपुर मार्ग से होकर आने जाने वालों को हुई। इसमें बांसी से दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, फैजाबाद, बस्ती सहित अन्य स्थानों पर जाने वाली बसें बंद हो गई थी। इसी तरह से गोरखपुर जाने वाले मार्ग पर भी बसों का आवागमन बंद हो गया था। विभाग की माने तो अभी भी फरेंदा के आगे मार्ग बाधित है। बसों का संचालन नहीं होने के कारण लोगों को यात्रा करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में एआरएम एके सिंह ने बताया कि दिल्ली, लखनऊ सहित अन्य रूटों की बसों का संचालन उसका, पेड़ारी के रास्ते बांसी होकर शुरू कर दिया गया है। बढनी के लिए भी बस चल रही है। सनई के रास्ते बांसी तक जाने में अभी दिक्कत है। एनएच पर अभी भी पानी भरा हुआ है। पानी घटने के साथ इस रूट से भी बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।