इटवा (सिद्धार्थनगर)। ढेबरुआ क्षेत्र के ग्राम भोजवार के पास शनिवार रात बाइक के पहिया में साड़ी फंसने से सवार विवाहिता सड़क पर गिर गई। कई मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। बुरी तरह जख्मी विवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई। विवाहिता का नाम गुड़िया देवी (23) है। वह गर्भवती बताई जा रही है। सड़क पर बाइक गिरने से पति को भी चोट आई है। पुलिस लाश को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुटी है।
थाना गोल्हौरा के ग्राम तेलियाडीह निवासी पति वीरेंद्र कुमार के अनुसार ढेबरुआ क्षेत्र के ग्राम रेहरा कलां स्थित ससुराल से पत्नी की विदाई कराने के बाद वापस जा रहा था। रात करीब 9 बजे ग्राम भोजवार के पास पहुंचा था कि गुड़िया की साड़ी बाइक मे फंस गई, इससे वह रोड पर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर पति जब तक बाइक रोकता, विवाहिता सड़क पर करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। बाइक भी असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। घटनास्थल पर ही विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि गुड़िया गर्भवती थी। घटना से गांव में मातम छाया हुआ है। रो-रोकर घरवालों का बुरा हाल है। इस संबंध में प्रभारी पुलिस चौकी कठेला राजेश दुबे ने कहा कि लाश को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।