सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री के स्मार्ट विलेज की संकल्पना को साकार करते हुए पूरे गांव को हाईटेक बनाने वाले जिले के हसुड़ी औसानपुर ग्राम पंचायत के प्रधान दिलीप त्रिपाठी को भोपाल में सम्मानित किया गया है। राज्यों के पंचायती राज मंत्रियों के सम्मेलन में उन्हें यह सम्मान केंद्रीय मंत्री ग्रामीण विकास व पंचायती नरेंद्र सिंह तोमर ने सम्मानित किया। दिलीप त्रिपाठी को इस सम्मेलन में पूरे यूपी के प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी मिली थी।
भनवापुर ब्लॉक की हसुड़ी औसानपुर ग्राम पंचायत की कुल आबादी महज 1050 है। वर्षों तक उपेक्षित और पिछड़ेपन की शिकार इस ग्राम पंचायत को युवा ग्राम प्रधान दिलीप त्रिपाठी ने स्मार्ट विलेज के रूप में विकसित किया है। गांव के हर कोने में सीसी टीवी कैमरा और वाई-फाई की सुविधा है। इसके जरिए खुले में शौच को जाने वालों पर निगरानी रखी जाती है। गांव के प्राथमिक विद्यालय को टाइल्स, मार्बल के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। हसुड़ी औसानपुर ऐसी पहली ग्राम पंचायत है, जिसकी जियोग्राफिक इंफार्मेशन सिस्टम पर मैपिंग है। इन उपलब्धियों के चलते प्रदेश सरकार ने दिलीप त्रिपाठी को यूपी का प्रतिनिधित्व करते हुए सम्मेलन में शिरकत करने का मौका दिया था। यहां केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पंचायती राज के राज्य मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, मध्य प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव, जलपुरुष राजेंद्र सिंह की मौजूदगी में उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। दिलीप त्रिपाठी की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासी आह्वादित हैं। कैबिनेट मंत्री जयप्रताप सिंह, डुमरियागंज विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दी है।