सिद्धार्थनगर। जिले में पेट्रोल-डीजल के लिए मची अफरा-तफरी अब कम होती दिख रही है। ग्रामीण क्षेत्र के कुछ पंपों पर मंगलवार को खेती कार्य के लिए डीजल के लिए कतार दिखी। शहर के छह पंपों पर स्थिति सामान्य नजर आ रही थी।
इक्का-दुक्का वाहन चालक पेट्रोल व डीजल के लिए पंप आते रहे और तेल भराकर जाते दिखे। हालांकि अग्रिम धनराशि जमाकर तेल उठान नहीं करने के कारण मंगलवार को भी जिले 13 पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया, लेकिन अन्य पंपों पर इसका असर नहीं दिखा और भीड़ कम रही।
पिछले दो माह से डीजल पेट्रोल के लिए पंपों पर लग रही लंबी कतार के कारण वाहन चालकों को सांसत झेलनी पड़ रही थी। समय से तेल न उठान करने के कारण जिलाधिकारी के निर्देश पर आपूर्ति विभाग की ओर से तीन पंपों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई थी। फिलहाल बीते तीन दिनों से स्थिति में सुधार होता दिख रहा है।