अभियान में मिले क्षय रोग के 13 नए मरीज
जिले के सात ब्लॉकों में चल रहा सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान
टीबी हारेगा, देश जीतेगा स्लोगन के साथ घर-घर पहुंच रही टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। क्षय रोगियों की तलाश में स्वास्थ्य विभाग जिले के सात ब्लॉकों में सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान चला रखा है। दो जनवरी से चल रहे अभियान में अब तक टीबी के 13 नये मरीज मिले हैं। 15 लाख की आबादी में चल रहे अभियान में विभाग टीबी हारेगा, देश जीतेगा स्लोगन के साथ-साथ घर-घर दस्तक दे रहा है। दस दिनों के इस अभियान में 20 फीसदी आबादी तक विभाग ने पहुंचने का लक्ष्य है।
देश को टीबी मुक्त बनाने के लिए सरकार ने 2025 तक का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस कारण लगातार क्षय रोगियों की तलाश में अभियान चलाकर मरीज खोजने के बाद उपचार किया जा रहा है। विभाग ने दो से 12 जनवरी के बीच सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान चला रखा है। यह अभियान बर्डपुर, लोटन, बसंतपुर (बांसी), खेसरहा, बेंवा (डुमरियागंज), खुनियांव व शोहरतगढ़ में चल रहा है। 15.54 लाख की आबादी में चल रहे अभियान में 20 फीसदी आबादी को कवर किया जाएगा। पांच जनवरी तक जिले में 1.59 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई, इसमें 243 टीबी के संभावित मरीज मिले। जिला पीपीएम समन्वयक सतीश मिश्र ने बताया कि सभी संभावितों की जांच कराई गई, इसमें 13 नए मरीज मिले हैं। इनके पॉजिटिव मिलते ही उपचार शुरू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. डीके चौधरी के नेतृत्व में खेसरहा ब्लॉक के चंदापुर और दनियापार गांव का निरीक्षण कर टीम के कार्यों की देखरेख की गई। साथ ही स्थानीय लोगों को भी टीबी के बारे में जानकारी देते हुए अभियान में सहयोग की अपील की गई।