पडरौना। मंगलवार को ईंधन की आपूर्ति को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी की अगुवाई में सेल्स आफिसर,रिटेल आउटलेट सेल्स आफिसर के साथ बैठक हुई। इसमें पैनिक बुकिंग में कमी होने की पुष्टि हुई।
बैठक में यह तथ्य सामने आया है कि जहां पहले बुकिंग के एक से दो दिन में घरेलू गैस सिलिंडर की डिलीवरी हो जाती थी वह मार्च व अप्रैल महीने में पहले 11 से 12 दिन में डिलीवरी हो रही थी,यह अब घटकर सात से आठ दिनों में हो जा रही है। वर्तमान में 125000 की बैकलॉग बुकिंग है।
बुकिंग के सापेक्ष अधिक डिलीवरी मिल रही है। सेल्स आफिसर ने बताया कि 10 से 15 दिन में पुराना बैकलॉग समाप्त हो जाएगा। इससे गैस की डिलीवरी पूर्व जैसे हालात में आ सकती है। कहा कि शादी विवाह व अन्य अवसरों क लिए लोगों को कामर्शियल सिलिंडर का प्रबंध किया गया है। 25 अप्रैल तक के कुल 1435 आवेदन आए हैं। जिसमें से 921 आवेदकों में 2759 कामर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध करा दिया गया है।
वहीं डीजल व पेट्रोल की किल्लत को लेकर बताया गया कि सहालग, गेंहू की मड़ाई आदि कार्यों के चलते वर्तमान में जिले के 19 पेट्रोल पंप आंशिक रूप से ड्राई हुए थे।
जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय ने बताया कि सेल्स अफसरों को निर्देश दिए गए है कि सभी आउटलेटों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल व पेट्रोल उपलब्ध कराएं। वहीं, सीमावर्ती इलाके में डीजल व पेट्रोल के धंधेबाजों सहित तस्करों के खिलाफ भी जांच कर कार्रवाई तय की जाए,ताकि कालाबाजारी व जमाखोरी पर लगाम लगाया जा सके।