सिद्धार्थनगर। जिले में वन विभाग की 1235 एकड़ जमीन ‘लापता’ है। कागजों में वन विभाग के पास जमीन तो है। लेकिन वह जमीन है कहां, इसका पता विभाग को नहीं है। जिला बनने के बाद विभाग ऐसी जमीन को आज तक नहीं ढूंढ पाया है। जबकि वन विभाग 15 से अधिक बार राजस्व विभाग को पत्र भी भेजा जा चुका है। लेकिन इसके बावजूद राजस्व विभाग इसमें कोई रुचि नहीं दिखा रहा है। सूत्रों की माने तो राजस्व विभाग इसलिए जमीन ढूंढने से कतरा रहा है क्योंकि ये जमीन भूमाफियाओं के कब्जे में है।
जिले में वन विभाग के नाम 8645 एकड़ जमीन थी, जो भूमि धारा चार व 20 के अंतर्गत है। लेकिन मौजूदा समय में विभाग के पास केवल 7410 एकड़ भूमि कब्जे में है। 1235 एकड़ भूमि कहां हैं। इसकी जानकारी किसी को नहीं है। गजट के अनुसार सदर ब्लॉक के तीन ऐसे गांव हैं, जहां पर यह जमीन है। इनमें भीमापार में करीब 146.68 एकड़, बर्डपुर नंबर नंबर-14 में 639 एकड़, बर्डपुर नंबर-पांच में 451 एकड़ भूमि दर्ज है। विभाग को इन जमीनों का पता नहीं है। जबकि ये गांव मुख्यालय से एकदम सटे हुए हैं। इन्हीं गांवों में जमीनों की सबसे अधिक खरीद-फरोख्त हुई है।