खाद्य एवं रसद विभाग के उपायुक्त ने डीएसओ दफ्तर का किया निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। खाद्यान्न वितरण प्रणाली में बड़े पैमाने पर घोटला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। इस मामले की जांच के लिए मंगलवार को खाद्य एवं रसद विभाग के उपायुक्त डीएसओ कार्यालय पहुंचकर कागजातों की पड़ताल की।इस दौरान कई पूर्ति निरीक्षक पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दे सके। कैसे योजनाओं को संचालन हो रहा है, उन्हें पता ही नहीं था। बार- बार ऑपरेटर से जानकारी लेते हुए दिखे। इस उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
उपायुक्त बस्ती मंडल बस्ती सत्येंद्र सिंह मंगलवार को डीएसओ कार्यालय पहुंचे। यहां सबसे पहले उन्होंने योजनाओं और खाद्यान्न वितरण रिपोर्ट देखी। इसके बाद संबंधित तहसील के पूर्ति निरीक्षक से योजनाओं के बारे में जानकारी ली तो कई लोग घबड़ाहट में आ गए। उन्हें पता ही नहीं था कि किस प्रकार से योजनाओं को संचालन होता है। उपायुक्त ने उनकी पर्सनल लॉगिन व पासवर्ड के बारे में लैपटॉप पर खोलने के लिए कहा तो कई लोग अपना लॉगिन नहीं खोल सके। वहीं, उपायुक्त ने फटकार लगाई व कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया। डीएसओ कुंवर दिनेश प्रताप सिंह, विजय प्रकाश सिंह, अनिल कुमार श्रीवास्तव, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, इंद्रजीत प्रसाद यादव, सुजीत कुमार गौतम, शिवप्रकाश, चंद्रप्रकाश राव आदि मौजूद रहे।