सिद्धार्थनगर। विकास भवन सभाकक्ष में शुक्रवार को मदरसा बोर्ड की परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बैठक हुई। इस दौरान नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सचल दस्तेे के प्रभारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। जिन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है वहां के प्रधानाचार्यों को परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एडीएम न्यायिक गुरु प्रसाद गुप्ता ने बताया कि मदरसा बोर्ड की परीक्षा 16 अप्रैल से शुरू होगी। परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। कहा कि हाल ही में हुई बोर्ड परीक्षा नकलविहीन संपन्न हुई है। शासन की मंशा है कि मदरसा बोर्ड की भी परीक्षा नकलविहीन हो। इसीलिए यूपी बोर्ड की परीक्षा में केंद्र बनाए गए उन विद्यालयों को मदरसा बोर्ड की परीक्षा के लिए भी केंद्र बनाया गया है जिनमें सीसी टीवी कैमरे लगे हैं। परीक्षा सीसी टीवी कैमरे की निगरानी में होनी है। कहा कि 18 परीक्षा केंद्र बने हैं और 9800 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
नकल रोकने के लिए पांच सचल दस्तों का गठन किया गया है। आगाह किया कि सभी सचल दस्तों के प्रभारी जाने लें कि किसी भी हाल में नकल नहीं होने देना है। परीक्षा के दौरान निरंतर केंद्रों का निरीक्षण करते रहें। कोई भी विद्यार्थी नकल करते हुए पकड़ा जाए तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे। गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने प्रधानाचार्यों व सचल दस्तों के प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिया। इस दौरान डीआईओएस डॉ. राजबहादुर मौर्य के अलावा सचल दस्ते के प्रभारी व विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।