बांसी (सिद्धार्थनगर)। बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से नगर के अकबरनगर व श्यामनगर आंशिक मोहल्ले के लोगों को बिजली आपूर्ति की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पंद्रह दिनों से अनवरत शाम होते ही ट्रांसफॉर्मर में खामी होने के कारण एक फेस की बिजली चली जाती है। इसकी सूचना मोहल्ले के लोग कर्मचारियों को देते हैं, इसके बाद भी बिजली नहीं बनाया जाता है। ऐसे में मोहल्ले के लोगों को इस भीषण गर्मी में पूरी रात जागकर बिताना पड़ रहा है। नगर के माघ मेला मैदान के निकट बांसी पनघटिया बांध पर एक ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है जिससे अकबरनगर व श्यामनगर आंशिक मोहल्ले की बिजली आपूर्ति होती है।
पंद्रह दिन पूर्व से ही ट्रांसफार्मर में कुछ खामी आ जाने से अक्सर दिन ढलते ही एक फेस की बिजली चली जाती है। इसके बाद बिजली विभाग का काम करने वाले संविदा कर्मियों को लोग सूचना देते हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना मिलते ही ये कर्मी मोबाइल बंद कर देते हैं। घर जाने पर इस समस्या को दूर करने से इंकार कर देते हैं और टालमटोल करते हैं। थक हार कर लोग घर चले आते है और पूरी रात जाग कर बिताते हैं। मोहल्ला निवासी निवर्तमान सभासद मुन्नी अंसारी, नुसरत अली, मो. मुस्तफा, धर्मेंद्र, पप्पू का कहना है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से उन्हें रतजगा करना पड़ रहा है।
मोहल्लावासियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। इस संबंध में अवर अभियंता बांसी नगर फीडर गणेश मिश्रा से पूछे जाने पर बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।