सिद्धार्थनगर। जिले में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब इन्हें उपचार में होने वाली लेटलतीफी से निजात मिलेगी। जिला अस्पताल में आयोजित समीक्षा बैठक में हर दिन एक डॉक्टर को एक लाभार्थी का उपचार करने का टारगेट मिला है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गरीब को लाभ दिलाने की तेज हुई कवायद में यह महत्वपूर्ण कड़ी है।
बुधवार को जिला अस्पताल में आयोजित समीक्षा बैठक में अध्यक्षता करते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौम्या पांडेय ने कहा कि आयुष्मान योजना गरीब को नया जीवन देने में वरदान है। जिले की प्रगति रिपोर्ट को बेहतर करने के लिए प्रत्येक डॉक्टर को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। डॉक्टर हर रोज एक लाभार्थी का उपचार करें, तभी बेहतर स्वास्थ्य का माहौल तैयार हो सकेगा। सीएमओ डॉ. आरके मिश्रा ने आयुष्मान की प्रगति रिपोर्ट और प्रदेश में जिले की रैकिंग जानने के बाद जिला अस्पताल में प्रतिदिन हर डॉक्टर को एक-एक लाभार्थी का उपचार करने का लक्ष्य दिया है।बताया कि आयुष्मान लाभार्थियों को उपचार देने के लिए चयनित प्राइवेट अस्पतालों में नए गाइडलाइन के विषयों पर वर्कशॉप कराया जाएगा। बैठक में नोडल आयुष्मान भारत के डॉ. प्रशांत अस्थाना, डॉ. सौरभ चतुर्वेदी, सीएमएस डॉ. रोचस्मती पांडेय, डॉ. लक्ष्मी सिंह, प्रत्यूष, आकाश मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नहीं लगेगी लाइन
जिला अस्पताल में आयुष्मान का लाभ लेने के लिए लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करने वाले लाभार्थियों को अब राहत मिलेगी। लाभार्थी अस्पताल में पहुंच कर अपना गोल्डन कार्ड दिखाते ही विशेष लाभ ले सकेंगे। अब लाइन नहीं लगाना पड़ेगा।
इन अस्पतालों में होगा इलाज
आयुष्मान लाभार्थी जिले के जिला अस्पताल, वीपीएल हॉस्पिटल, अमन हॉस्पिटल व वात्सल्य हॉस्पिटल में इलाज करा सकेंगे। इसके साथ प्रदेश के सूचीबद्ध अस्पतालों में भी उपचार करा सकेंगे। साथ ही इन अस्पतालों में जिले की टीम जाकर डॉक्टर व आयुष्मान मित्र के बीच वर्कशॉप कर योजना (गाइडलाइन) के बारे में जागरूक करेगी।
एक नजर
गोल्डेन कार्ड बनेगा- 1.29 लाख
अब तक बने कार्ड- 16 हजार
लाभान्वित पात्र- 150