सिद्धार्थनगर। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने बृहस्पतिवार को बीएसए कार्यालय के पास के मैदान में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में बर्डपुर, इटवा और बिस्कोहर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी हो जाएगी। इसके साथ ही कपिलवस्तु, भारतभारी, बढ़नीचाफा को भी नगर पंचायत बनाने की दिशा में ठोस पहल का वादा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
मंत्री ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में गैर भाजपा सरकारों ने जनता के साथ विश्वासघात किया पर मोदी और योगी के आने के बाद केंद्र की 70 योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ ही तमाम नए कार्यक्रम लागू किए गए। जिससे समाज का हर वर्ग खुशहाल है। सपा-बसपा गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब नेतृत्व की बात आएगी तो गठबंधन बिखर जाएगा। लोकसभा चुनाव में महागठबंधन का जादू नहीं चलेगा। सांसद व विधायक इटवा की मांग पर उन्होंने बर्डपुर, इटवा व बिस्कोहर को नगर पंचायत का दर्जा देने की घोषणा की। इससे पूर्व मंत्री का माल्यार्पण, बुके देने के साथ ही बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मंत्री का आगमन मिल का पत्थर साबित होगा। शहरी क्षेत्र में विकास की रफ्तार अब जिले में और तेज होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष लालजी त्रिपाठी की अध्यक्षता व जिला महामंत्री दिलीप चतुर्वेदी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक श्याम धनी राही, सतीश द्विवेदी के अलावा डीएम कुणाल सिल्कू, एसपी डॉ धर्मवीर सिंह, राम कुमार कुंवर, नरेन्द्र मणि त्रिपाठी, परमात्मा पांडेय, गोविंद माधव, राजेन्द्र पांडेय, श्याम सुंदर मित्तल, राम निवास यादव, लक्ष्मीकांत जायसवाल, कौशलेन्द्र त्रिपाठी, ग्राम प्रधान नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, हेमंत जायसवाल, राजेश त्रिपाठी, मनोज मौर्य, घनश्याम चौधरी, नपा अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल, मो. इद्रीश राइनी, बढ़नी चेयरमैन निसार बागी, अधिशासी अधिकारी शैलेन्द्र गुप्ता आदि उपस्थित रहे।