सिद्धार्थनगर।डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर जिले में अलर्ट जारी हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस मुस्तैद हो गई है। जिले में कुल 43 प्रतिमाओं की सुरक्षा के भी निर्देश हैं। हिदायत है कि नई प्रतिमा स्थापित नहीं होने दी जाए। जयंती पर निकलने वाले जुलूस के साथ बड़ी संख्या में फोर्स तैनात रहेगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर पुलिस सख्ती से पेश आएगी।
संविधान निर्माता डॉ.आंबेडकर पर केंद्रित कर हाल में देश-प्रदेश की राजनीति में बड़ा भूचाल आया है। एक बड़े वोट बैंक को रिझाने के लिए हर दल खुद को डॉ. आंबेडकर का अनुयायी साबित करने में जुटा हुआ है। नाम परिर्वतन और दफ्तरों में उनकी तस्वीर अनिवार्य करने के बीच प्रतिमा टूटने की कुछ घटनाएं भी सामने आईं जिससे तनाव बढ़ा है। इसे देखते हुए सरकार ने आंबेडकर जयंती कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। उन क्षेत्रों में खास तौर से नजर रखी जा रही है, जहां तनाव के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
गोरखपुर जोन के एडीजी दावा शेरपा की हिदायत के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। जिले में जिन स्थानों पर जुलूस निकलने वाला है, वहां सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने रखे जाने का निर्णय लिया गया है। इटवा व डुमरियागंज सर्किल के सात थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। विभाग ने इसे संवेदनशील श्रेणी में रखा। एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह ने बताया कि जयंती पर जुलूस निकलने वाले स्थानों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। थानों के अलावा अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है। माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त फोर्स की तैनाती
सिद्धार्थनगर। सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एसपी की स्पेशल टीम क्यूआरटी की 10 टीमेें लगाई गई हैं। इसके अलावा मोबाइल टीम, यूपी-100 व थाने की कोबरा टीम भी भ्रमण करती रहेगी।
आंबेडकर प्रतिमा पर रहेगी विशेष नजर
सिद्धार्थनगर। पुलिस आंकड़े के मुताबिक जिले में डॉ.भीमराव आंबेडकर की विभिन्न थाना क्षेत्रों में 43 प्रतिमाएं हैं। प्रतिमाओं की सुरक्षा का भी प्रबंध किया गया है। संबंधित थाने की पुलिस प्रतिमाओं पर विशेष ध्यान देगी।