परसा (सिद्धार्थनगर)। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से कई संपर्क मार्गों के क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन बाधित है। सड़क कट जाने से दर्जनों गांव के लोगों का संपर्क कटा हुआ और वे घरों से नही निकल पा रहे।
तहसील क्षेत्र में आए सैलाब ने तबाही की इबारत लिखने के साथ लोगों के आवागमन को भी रोक दिया है। बाढ़ के पानी से तमाम संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने के साथ कट गए हैं। औदही खुर्द से खरिकौरा होते हुए बसंतपुर जाने वाली सड़कपर पुलिया बह जाने से आवागमन बंद है। औदही, खरिकौरा, बेनीनगर, बसंतपुर, बनचौरी आदि एक दर्जन से ज्यादा गांवों के लोगों को कहीं आने जाने में परेशानी हो रही है। खरिकौरा निवासी पंकज तिवारी ने बताया कि पिछले साल भी बाढ़ में पुलिया बह गई थी। जिसके बाद दोबारा पुलिया का निर्माण किया गया, जो इस बार की बाढ़ में फिर बह गया। बृजकुमार मिश्र ने कहा कि रास्ता कट जाने से लोगों के आवाजाही में बहुत दिक्कत हो रही है। इसी प्रकार तुलसियापुर-कठेला पीडब्लूडी मार्ग के भुतहवा से झुंगहवां के बीच चार जगहों पर कट जाने के कारण मटियार, झुंगहवां, तिरछहवां, कठेला के खादर क्षेत्र के दर्जनों गांवों की हजारों की आबादी का संपर्क तुलसियापुर क्षेत्र से कट गया है। खैरी शीतल प्रसाद के टीकर टोला निवासी विजय सिंह का कहना है कि भुतहवा के बाद कठेला जाने वाली रोड के कटने के बाद अब कठेला काफी दूर हो गया है। अब आवागमन के लिए चार जगह कमर तक पानी में होकर जाना पड़ रहा है। झुंगहवां निवासी मकसूद आलम का कहना है कि हर साल तुलसियापुर-कठेला पीडब्लूडी मार्ग कटने का खतरा बना रहता है। प्रशासन मार्ग को बचाने के लिए बाढ़ से पहले कुछ नहीं करता। खैरी उर्फ झुंगहवा के लोग दस किमी पैदल चलकर तुलसियापुर आ रहे हैं।