सिद्धार्थनगर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज (19 जनवरी को) जिले में आएंगे। वे यहां सड़कों, पुलों समेत विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। प्रभारी अधिकारी वीआईपी उमेश चन्द्र निगम के मुताबिक उप मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर 12 बजे जिला कारागार के सामने स्थित प्रांगण में कार्यक्रम स्थल के समीप बने हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास करने के बाद पार्टी पदाधिकारियों, अफसरों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 1.30 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे और दो बजे पत्रकारों से बातचीत के बाद लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
कार्यक्रम के लिए मजिस्ट्रेट तय
कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके अनुसार, हेलीपैड पर एसडीएम प्रबुद्ध सिंह, स्वीस काटेज पर तहसीलदार वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, स्वीस काटेज द्वितीय पर बीडीओ संजय कुमार श्रीवास्तव, यातायात, फ्लीट व सुरक्षा व्यवस्था की कमान डिप्टी कलेक्टर देवेश कुमार गुप्ता संभालेंगे। मुख्य सड़क के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था में बीडीओ एजाज अहमद, कार्यक्रम एवं मंच पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए उपजिलाधिकारी त्रिभुवन व अनिल कुमार, डी में उपजिलाधिकारी सदर उमेश चंद निगम, मंच के दाएं-बाएं उपजिला मजिस्ट्रेट राजेन्द्र प्रसाद, मंच के पीछे सुरक्षा व्यवस्था में जिला बचत अधिकारी शशिकांत पांडेय, संपूर्ण यातायात, पार्किंग में बीडीओ सुशील कुमार पांडेय, क्रू व्यवस्था में तहसीलदार अरविंद कुमार, वीआईपी दीर्घा में बीडीओ रघुनाथ सिंह, रेस्ट हाउस पर नायब तहसीलदार अवधेश कुमार राय, सेफ हाउस में तहसीलदार राजेश कुमार अग्रवाल, रिजर्व ड्यूटी में बीडीओ सौरभ कुमार पांडेय, तहसीलदार लालता प्रसाद को लगाया गया है।
जिले की फोर्स संभालेगी सुरक्षा की कमान
उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट है। प्रयागराज कुंभ के मद्देनजर गैर जनपदों से सुरक्षा से जुड़े अफसर व जवान नहीं आ सकेंगे। लिहाजा सुरक्षा की कमान जिले में तैनात पुलिस अधिकारी व जवानों के हवाले रहेगी। पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने इसकी पुष्टि की है।