सिद्धार्थनगर। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल से अब 206 योजनाएं जुड़ गई हैं। यहां जाकर लोग योजनाओं की जानकारी के साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित जानकारियां और उससे संबंधित शिकायतें भी की जा सकेंगी। धार्मिक स्थलों पर बुकिंग की भी सुविधा पोर्टल देगा। ऐसे में लोग अपने मोबाइल या जन सेवा केंद्र (सीएससी) के माध्यम से सुविधाओं को प्राप्त कर सकते हैं। इससे जिले के 28 लाख लोगों लाभांवित होंगे।
योजनाओं को पारदर्शी बनाने और भागदौड़ से लोगों को निजात दिलाने के लिए सरकार ऑनलाइन प्रक्रिया को बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल की शुरूआत की गई थी। अब पोर्टल पर आईजीआरस से संबंधित शिकायतें, जन्म प्रमाण पत्र आदि के लिए आवेदन किया जा सकता था और 25 विभाग जुड़े हुए थे। ई- डिस्ट्रिक मैनेजर अमरेंद्र दुबे ने बताया कि पोर्टल पर सरकार की विभिन्न योजनाओं को जोड़ दिया गया है। व्यक्ति कहीं से भी ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल को खोलकर आवेदन और शिकायत कर सकता। पोर्टल पर विभिन्न विभागों की 206 योजनाएं जुड़ी हैं। जिन सरकारी कार्यालयों में ऑनलाइन कार्य हो रहा है, वे सभी पोर्टल से जोड़े जा चुके हैं।
ट्रांसफार्मर खराब होने की भी कर सकेंगे शिकायत
पोर्टल पर पुलिस विभाग में ऑनलाइन एफआईआर, काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन एवं दान, कैलास मानसरोवर यात्रा के लिए बुकिंग करा सकेंगे। नए बिजली कनेक्शन, खराब ट्रांसफार्मर को ठीक कराने, बिल की गड़बड़ी को सही करने, बिजली में भार वृद्धि के लिए आवेदन भी किया जा सकेगा। परिवहन विभाग से जुड़ी 14 योजनाओं के लिए आवेदन, गोशाला के लिए पंजीकरण करा सकेंगे। डीएल के लिए आवेदन, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन, परिवार नियोजन में पंजीकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, माध्यमिक शिक्षा परिषद से अंक प्रमाण पत्र में सुधार के लिए आवेदन, महिला कल्याण विभाग की स्वरोजगार, ग्रामोदय योजना, कृषि फसल बीमा, चरित्र व निवास प्रमाण पत्र, परिवार नियोजन के लिए ऑपरेशन असफल होने पर क्लेम के लिए आवेदन सहित अन्य सेवाओं जुड़ी हुई हैं। जिसका लाभ पोर्टल पर आवेदन करके व्यक्ति प्राप्त कर सकता है।