जोगिया (सिद्धार्थनगर)। नौगढ़-बांसी मार्ग पर जोगिया के पास पुलिया निर्माण के चलते पौन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। जिसके चलते सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में वाहन जाम मेें फंसे रहे। कई बाइक सवार खेत के रास्ते निकले।
मार्ग पर निर्माणाधाीन पुल की ढलाई का कार्य सोमवार को चल रहा था। बगल में बाईपास पर सीमेंट-कंक्रीट मिक्सर की कुछ गाड़ियां आकर खड़ी हो गईं, जिससे बाईपास से वाहनों का गुजरना बंद हो गया। जाम की स्थिति देख कुछ दो पहिया वाहन चालकों ने पगडंडियों का सहारा लिया और अपने वाहन खेतों से निकालते देखे। जब तक मिक्सर गाडिय़ों से सीमेंट-कंक्रीट खाली होता तब तक दोनों तरफ सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। इस बीच कुछ छोटे वाहन चालकों ने बिना इंतजार किए अपनी गाड़ियों को निकालने की कोशिश और जाम की स्थिति पैदा हो गई। देखते ही देखते दोनों तरफ भारी संख्या में वाहनों का आवागमन बंद हो गया और जाम की स्थिति पैदा हो गई। करीब पौन घंटे बाद मिक्सर गाड़ियों को काफी मशक्कत के बाद निकाला गया, जिसके बाद जाम खुला और आवागमन बहाल हो पाया।