कपिलवस्तु कोतवाली पुलिस ने रविवार की रात तस्करी कर नेपाल ले जाया जा रहा 100 लीटर डीजल बरामद किया। दो साइकिल भी पकड़ी गई है।
तस्कर फरार होने में कामयाब रहे। बरामद डीजल व साइकिल कस्टम की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। कपिलवस्तु कोतवाली पुलिस बार्डर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस बीच ठकुरापुर प्राथमिक विद्यालय के पास से दो साइकिल पर कुछ लोग डीजल ले जाते दिखाई दिए।
पुलिस टीम को देखते ही तस्कर साइकिल छोड़ फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह के मुताबिक 100 लीटर डीजल बरामद हुआ है। इसे नौगढ़ कस्टम कार्यालय को सुपुर्द कर दिया गया है। तस्करी रोकने के लिए बार्डर क्षेत्र में लगातार चक्रमण जारी है। पुलिस टीम में एसआई आरडी यादव, सिपाही दयाशंकर शामिल रहे।