बर्डपुर के एक विद्यालय में जांच करते एबीएसए।
- फोटो : अमर उजाला
बर्डपुर। नियम-कानून को दरकिनार कर धड़ल्ले से चलाए जा रहे बगैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को बर्डपुर क्षेत्र में बीईओ ने निजी स्कूलों पर छापामारी कर जांच -पड़ताल की। इस दौरान गैरमान्यता प्राप्त संचालित10 स्कूलों को बंद करा दिया। वहीं, उनके रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेज भी छानबीन के लिए जब्त कर लिए गए हैं।
बीईओ विजय कुमार गुप्त सबसे पहले न्यू एरा पब्लिक स्कूल व स्वामी विवेकानंद स्कूल पहुंचे जहां मान्यता के कागजात जांचे। इसके बाद यूनिवर्सल एकेडमी पब्लिक स्कूल, महात्मा गांधी कान्वेंट स्कूल दुबरीपुर, जीनियस पब्लिक स्कूल, ग्लोबल पब्लिक स्कूल, मथुरा प्रसाद चौधरी ऑलमाइटी पब्लिक स्कूल चैनपुर, ठाकुर चंद्रबदन सिंह स्कूल हथियहवा, आदर्श विद्या मंदिर, इरम एजुकेशनल पब्लिक स्कूल कपिलवस्तु रोड सहित 10 स्कूलों का निरीक्षण किया।
बीईओ विजय कुमार गुप्ता के मुताबिक दस स्कूल मान्यता संबंधी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
पूर्व में भी इन्हें नोटिस जारी की गई थी। इसके बावजूद कोई सक्रियता नहीं दिखाई गई। बिना मान्यता संचालन के कारण इन्हें बंद करा दिया गया है। संचालकों को हिदायत दी गई है कि अगर बिना मान्यता प्राप्त किए स्कूल खोला तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होगी। शासन के निर्देशानुसार मान्यता विहीन स्कूलों पर अंकुश के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।