बकाएदार 1.20 लाख उपभोक्ताओं के कटेंगे कनेक्शन
बिजली निगम ने घाटे में कमी लाने एवं बकाएदारों से वसूली को चलाया अभियान
पांच हजार उपभोक्ता एक लाख रुपये से अधिक के बकाएदार
1.15 लाख उपभोक्ता दस हजार से कम के बकाएदार संवाद न्यूज एजेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बार-बार नोटिस के बाद भी बकाया न जमा करने वाले 1.20 लाख बकाएदारों पर बिजली निगम अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा। बकाया न जमा करने वाले एक लाख से अधिक के पांच हजार एवं 10 हजार से अधिक 1.15 लाख बकाएदारों के कनेक्शन काटने के साथ केस दर्ज कराया जाएगा।
सरकार की ओर से पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम को घाटे में होने समेत अन्य कारणों को दर्शाते हुए निजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इसके विरोध में बिजलीकर्मियों ने आंदोलन शुरू कर दिया तो सरकार ने निजीकरण की प्रक्रिया स्थगित कर दी। निजीकरण की प्रक्रिया स्थगित होने के बाद बिजली निगम ने घाटे में कमी लाने एवं बकाएदार उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत ऐसे बकाएदार चिह्नित किए गए हैं जो बार-बार नोटिस देने के बाद भी बकाया नहीं जमा कर रहे हैं। निगम द्वारा कार्रवाई के लिए 10 हजार रुपये से अधिक के 1.15 लाख बकाएदार और एक लाख रुपये से अधिक के बकाएदार पांच हजार उपभोक्ता चिह्नित किए गए हैं।
नौगढ़ खंड में हैं सर्वाधिक बकाएदार
10 हजार रुपये अधिक के 1.15 लाख बकाएदारों में सर्वाधिक 55 हजार बकाएदार नौगढ़ खंड के हैं। इसके बाद बांसी और डुमरियागंज में 30-30 हजार बकाएदार शामिल हैं। एक लाख से अधिक पांच हजार बकाएदारों में भी सर्वाधिक 2400 बकाएदार नौगढ़ विद्युत वितरण खंड के हैं, साथ ही बांसी के 850 और डुमरियागंज के 1800 बकाएदार शामिल हैैं।
बड़े बकाएदारों में हैं सरकारी कार्यालय
10 से अधिक के सर्वाधिक बकाएदारों में घरेलू और निजी नलकूप संचालक शामिल हैं। जबकि एक लाख रुपये से अधिक के बड़े बकाएदारों में कुछ निजी वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को छोड़कर सर्वाधिक तादाद सरकारी कार्यालयों की है। इनमें नगर पालिका, तहसील कार्यालय, सरकारी चिकित्सालय के साथ बीएसए बड़े बकाएदारों में हैं।
तीन माह तक चलेगा अभियान
विद्युत वितरण निगम द्वारा बकाएदार और अवैध कनेक्शनधारी बिजली उपभोक्ताओं के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान शुरू हो गया है। अधिशासी अभियंता बिजली आरके कुशवाहा ने बताया कि सघन चेकिंग के दौरान घरेलू, वाणिज्यिक, सरकारी और निजी नलकूप बकाएदार उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काटने के साथ अवैध रूप से कनेक्शन लेकर बिजली उपभोग करने वालों पर केस दर्ज कराने समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी।
बिजली की समस्याओं का आज ही कराएं निदान
नौगढ़, बांसी, डुमरियागंज, इटवा शोहरतगढ़ सहित जिले के सभी 32 बिजली उपकेंद्रों पर दो दिन लगेगा शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले के सभी 33, 11 केवी विद्युत उपकेंद्रों पर 10 एवं 11 अक्तूबर 2020 को शिकायत निवारण शिविर (महा कैंप) का आयोजन किया जाएगा। अधीक्षण अभियंता बिजली एके श्रीवास्तव ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्या का मौके पर ही निस्तारण करना शिविर का उद्देश्य है।
अधीक्षण अभियंता एके श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर में उपभोक्ताओं के गलत बिजली बिल ठीक करने, भार घटाने एवं बढ़ाने, खराब मीटर बदलने, अनमीटर्ड कनेक्शन पर मीटर लगाने समेत अन्य समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निस्तारण शिविर में शिकायतों का पंजीकरण के बाद अगर उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण नहीं हो पा रहा है तो अगले दो दिनों में निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी 32 बिजली उपकेंद्रों के जेई, एसडीओ समेत अधिकारी और कर्मचारी आवश्यक अभिलेख और मीटर आदि के साथ शिविर में उपस्थित रहेंगे। संबंधित उप खंड अधिकारी शिविर के नोडल अधिकारी होंगे, जो बिलिंग क्लर्क के साथ मौजूद रहेंगे। इस दौरान बिल भुगतान, छूट आदि राजस्व संबंधी समस्याओं का भी निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं से समस्याओं के निस्तारण के लिए जरूरी अभिलेखों के साथ शिविर में आने को कहा।