श्रावस्ती। एक सप्ताह पूर्व अहमदाबाद से बंठिहिवा स्थित घर लौटा युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। युवक अपने घर पर ही होम क्वारंटीन था। जिसकी रिपोर्ट शनिवार शाम जिले में आई। इसके बाद कोतवाली पुलिस के साथ गांव पहुंचे राजस्व कर्मियों ने गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर उसे सीज कर दिया है। युवक को लेवल वन कोविड अस्पताल भंगहा ले जाया गया है। यहां एक माह पूर्व भी दो युवक कोरोना पॉजिटिव मिले थे।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बंठिहिवा निवासी 27 वर्षीय युवक अहमदाबाद में रह कर मेहनत मजदूरी करता था। जहां से वह 22 जून को ट्रेन से वापस अपने घर लौटा था। इसके बाद उसे स्वास्थ्य विभाग ने होम क्वारंटीन में रहने की सलाह दी गई थी। कुछ दिन बाद उसकी तबियत खराब हो गई। इसकी सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को गांव पहुंचे डॉ. इमरान ने उसका सैंपल लिया था।
देर शाम आई रिपोर्ट में युवक कोरोना पॉजिटिव निकला। इसके बाद गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम ने एंबुलेंस से युवक को लेवल वन हास्पिटल भंगहा भेजा है। वहीं पुलिस के साथ गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम ने गांव जाने वाले सभी मार्गों को लकड़ी की बल्लियों के सहारे बंद कर दिया है। इसके साथ ही वहां लाल झंडी लगाई गई है। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों को घर से बाहर न जाने, बाहर से किसी भी व्यक्ति को अपने गांव में न आने देने एवं बगैर मास्क घर से बाहर न निकलने की नसीहत दी है।
दोबारा हॉटस्पॉट बना बंठिहिवा गांव
भिनगा कोतवाली क्षेत्र का बंठिहिवा गांव शनिवार देर शाम दोबारा हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। इससे पूर्व विगत माह गांव में दो युवकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद गांव को सील कर हॉटस्पॉट घोषित किया गया था। ऐसे में इस गांव में जिन लोगों की रिश्तेदारी पड़ती है, वह लोग भी अब दहशत में हैं। लोग गांव के लोगों से संपर्क करने से भी कन्नी काटने लगे हैं।
शर्मा गली में हो रही लोगों की जांच
भिनगा नगर के शर्मा गली में एक संविदा चिकित्सक विगत सप्ताह कोरोना संक्रमित मिला था। इसके बाद रविवार को गली में पहुंची स्वास्थ्य टीम ने मोहल्लेवासियों का सैंपल लिया। वहीं दीवानी न्यायालय में तैनात एक कर्मचारी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद न्यायालय में ड्यूटी करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस व पीएसी के जवानों सहित न्यायिक अधिकारियों व कर्मचारियों का सैंपल लिया जा चुका है।