हादसे के बाद गिलौला सीएचसी परिसर में बिलखते परिजन।
- फोटो : हादसे के बाद गिलौला सीएचसी परिसर में बिलखते परिजन।
गिलौला। गिलौला क्षेत्र के गिलौला-लक्षमण नगर मार्ग पर कटहा नगरौरा मोड़ के निकट बुधवार को तेज रफ्तार डबल डेकर बस की टक्कर से मोपेड सवार युवक की मौत हो गई, जबकि किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। किशोर को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी विवेक पांडेय (18) अपने चचेरे भाई मोहित (15) के साथ मोपेड से गिलौला जा रहे थे। गिलौला-लक्षमण नगर मार्ग पर कटहा नागरौरा मोड़ के पास गिलौला की ओर से आ रही डबल डेकर बस की मोपेड में टक्कर लग गई। हादसे में मोपेड बस में फंस कर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। राहगीरों ने बस को रुकवाया, तब तक दोनों मोपेड सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी गिलौला पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया और मोहित की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही बस को कब्जे में ले लिया गया है, लेकिन बस चालक मौके से भाग निकला। मृतक के पिता संजय पांडेय की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोपेड सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।